गांव सूई में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को मंजूरी: आरती सिंह राव
भिवानी
हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में जिले के गांव सूई में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस कदम से क्षेत्र के लोगों को अपने गांव के नजदीक ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि गांव सूई में बनने वाले इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर लगभग 466.35 लाख रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें और किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
आरती सिंह राव ने कहा कि इस नए स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिक उपचार, जांच और सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।
इससे मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा और गंभीर बीमारियों की पहचान भी शुरुआती स्तर पर हो पाएगी।
उन्होंने बताया कि नए स्वास्थ्य संस्थान के शुरू होने से बड़े सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होगा, जिससे वहां भी बेहतर तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं दी जा सकेंगी।
ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होने से लोगों को शहरों के अस्पतालों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार नए अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और आधुनिक सुविधाएं जोड़ रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर गांव और हर नागरिक तक बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं, ताकि आमजन को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।

