शुद्घ हवा लेने के लिए पर्यावरण प्रदुषण पर नियंत्रण जरूरी है: डीसी 

 
शुद्घ हवा लेने के लिए पर्यावरण प्रदुषण पर नियंत्रण जरूरी है: डीसी 

भिवानी, 

डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि जीने के लिए शुद्ध हवा और स्वच्छ पानी जरूरी है। लेकिन वर्तमान समय में हवा और पानी दोनों ही प्रदूषित हो रहे हैं।

इसका मुख्य कारण बढ़ता प्रदूषण है। शुद्ध हवा और स्वच्छ पानी के लिए पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण जरूरी है। स्वच्छ पर्यावरण हमारी जीवन रेखा है।
डीसी श्री गुप्ता बुधवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषित होने से ही पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है।

पर्यावरण की शुद्धता और स्वच्छता के लिए हमें मिलकर प्रयास करने होंंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषित होने का मुख्य कारण अत्यधिक पुराने वाहन, फैक्ट्री और पेड़ों का कटान होता है। उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि वे वाहनों के पोलूशन के प्रमाण-पत्र जरूर चेक करें और प्रमाण-पत्र नहीं रखने वालों के चालान काटें। इसी प्रकार से उन्होंने माईनिंग अधिकारियों को निर्देश कि वे खरकड़ी सोहान और खानक में उपयुक्त जगहों पर अधिक से अधिक पौधारोपण करें और फव्वारा सिस्टम लगवाएं ताकि माइनिंग के दौरान उठने वाली धूल को नियंत्रित किया जा सके।
इसी प्रकार से उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वे स्कूल परिसरों में पौधारोपण करवाएं और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक करें।

डीसी ने जनस्वास्थ्य विभाग को एसटीपी से मानकों के अनुरूप पानी स्वच्छ करने उपरांत ही ड्रेन में डालने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्रेन व नालों में औद्योगिक कचरा ना डालें। उन्होंने शहरी स्थानीय निकाय को निर्देश कि बाजारों में कचरे में आग ना लगाई जाए, इसके लिए नागरिकों को जागरूक किया जाए।
बैठक के दौरान एसडीएम महेश कुमार, आरओ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सुनील श्योराण, वन मंडल अधिकारी राजेश वत्स, डीएसपी अनूप कुमार, डीडीए डॉ. विनोद फौगाट, उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर के अलावा सिंचाई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, खनन, वन विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, नगर योजनाकार आदि संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।