जाट मूवी से विवादित सीन हटाया

जाट फिल्म से शुक्रवार को चर्च का विवादित सीन हटा दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पंजाब के जालंधर में FIR के बाद ये फैसला लिया गया है। एक दिन पहले ईसाई समुदाय के अल्टीमेटम के बाद बॉलीवुड एक्टर सनी देओल और रणदीप हुड्डा समेत 5 लोगों पर FIR दर्ज की गई थी। ईसाई समुदाय का आरोप था कि जाट फिल्म में चर्च वाले सीन से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
इसको लेकर उन्होंने जालंधर में विरोध प्रदर्शन भी किया था। उन्होंने फिल्म पर बैन लगाने की मांग उठाई थी। प्रदर्शन के बाद जालंधर के सदर थाने में सनी देओल, रणदीप हुड्डा, विनीत कुमार, निर्देशक गोपी चंद, निर्माता नवीन मालिनेनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जाट फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
रणदीप हुड्डा हरियाणा के रोहतक के रहने वाले हैं। कुछ दिन पहले वह फिल्म के प्रमोशन के लिए रोहतक पहुंचे थे।
1. रणदीप हुड्डा ने ईसा मसीह का अनादर किया ईसाई समुदाय के नेता विकलाव गोल्डी ने 15 अप्रैल को जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने कहा था- कुछ दिन पहले सिनेमाघरों में जाट फिल्म रिलीज हुई। फिल्म में रणदीप हुड्डा ने हमारे ईसा मसीह और हमारे धर्म में इस्तेमाल की जाने वाली पवित्र चीजों का अनादर किया। रणदीप हुड्डा चर्च के अंदर प्रभु ईसा मसीह की तरह खड़े थे और हमारे शब्द आमीन का अनादर किया गया।
2. ईसा मसीह के विरोधी चर्चों पर हमला करेंगे उन्होंने कहा कि फिल्म में यह भी कहा गया कि आपके प्रभु ईसा मसीह सो रहे हैं और उन्होंने मुझे भेजा है। ऐसे में जो लोग ईसा मसीह के विरोधी हैं, वे ऐसी फिल्में देखकर हमारे चर्चों पर हमला करेंगे। इसे देखकर देश-विदेश में रहने वाले ईसाई समुदाय में गुस्सा है।
FIR दर्ज करने के लिए 2 दिन का टाइम दिया था ईसाई समुदाय के नेताओं ने पुलिस अधिकारियों को FIR दर्ज करने के लिए 2 दिन का टाइम दिया था। उन्होंने केस दर्ज न करने पर बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया था। अब 2 दिनों के अंदर गुरुवार को पुलिस ने FIR दर्ज कर ली।
पुलिस बोली- एक्टरों को जांच के लिए बुलाया जाएगा जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के जॉइंट कमिश्नर संदीप शर्मा ने कहा कि जल्द केस में नामजद किए गए सभी अभिनेताओं को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा। इसे लेकर उन्हें पहले नोटिस जारी किया जाएगा।