क्रीड कर्मचारी आमजन के कार्य तुरंत प्रभाव से करें: एडीसी
भिवानी।
एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने क्रीड अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे नागरिकों के नि:शुल्क आधार कार्ड बनाने बनाने में लापरवाही ना बरतें।
आमजन के कार्य तुरंत प्रभाव से करें। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड या परिवार पहचान पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि को दुरूस्त करवाने के लिए आने वाले लोगों के बार-बार चक्कर न लगवाएं। नागरिकों को सही-सही जानकारी दें। नागरिकों के अनावश्यक रूप से बार-बार चक्कर लगवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एडीसी दीपक बाबू लाल करवा लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में क्रीड के अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी प्रमुख योजनाएं आधार कार्ड व परिवार पहचान पत्र के साथ जुड़ी हुई हैं। ऐसे में नागरिकों की इन से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान करें।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक नगर पालिका व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालयों तथा सरल केंद्र भिवानी में आधार कार्ड बनाने का कार्य निशुल्क किया जा रहा है। वे निर्धारित स्थान व समयानुसार नि:शुल्क आधार कार्ड का बनाने व दुरूस्त करने का कार्य करें।
लंबित आधार कार्ड के कार्य को अतिशीघ्र पूरा करें अन्यथा उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एडीसी ने नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा है कि वे अपने नजदीकी संबधित बीडीपीओ कार्यालय में जाकर अपना आधार कार्ड बिना किसी फीस के ठीक करवा सकते हैं।

