Bhiwani DAV School Event: डी.ए.वी. शताब्दी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज की धूम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
डी.ए.वी. शताब्दी पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और तीज महोत्सव की मची धूम
भिवानी। कौंट रोड स्थित डी.ए.वी. शताब्दी पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और हरियाली तीज पर्व के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक व देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ किया गया। इस दोहरे उत्सव के अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों, देशभक्ति के गीतों और हरियाणवी संस्कृति के अनूठे रंग में रंगा हुआ नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती जगदीप कौर द्वारा दीप प्रज्वलन एवं वैदिक प्रार्थना के साथ हुआ। विद्यालय के एन.सी.सी. आॅफिसर राजेश कुमार के निर्देशन में कैड्ट्स द्वारा बहुत सुन्दर मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हें-मुन्ने बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों के वेश में मंच पर आकर अमर शहीदों की शहादत और उनके योगदान को जीवंत कर दिया। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को नमन किया गया, जिसे देखकर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे। एन.सी.सी. आॅफिसर राजेश कुमार ने बताया कि इस अवसर पर एन.सी.सी. के वार्षिक प्रशिक्षण कैम्प की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले, ट्रैकिंग कैम्प एवं थलसेना कैम्प के प्रतिभागी कैड्ट्स को बैज, स्मृति चिन्ह् व सम्मान पत्र देकर प्राचार्या महोदया जगदीप कौर द्वारा सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के साथ-साथ हरियाली तीज के सांस्कृतिक महत्व को भी बड़ी जीवंतता के साथ प्रदर्शित किया गया। विद्यालय प्रांगण को रंग-बिरंगी पतंगों, फूलों और पारंपरिक झूलों से सजाया गया था। छात्राएं और अध्यापिकाएं पारंपरिक हरियाणवी परिधानों दामण कूरती और चुनरी में सज-धज कर पहुंचीं। छात्राओं ने पारंपरिक तीज के गीत मल्हार और हरियाणवी गिद्धा व घूमर पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत प्रस्तुत किया। तीज के पावन अवसर पर छात्राओं के लिए मेहंदी रचाओ और हरियाणवी लोकगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती जगदीप कौर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षक वर्ग को स्वतंत्रता दिवस एवं तीज पर्व की हार्दिक बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा स्वतंत्रता दिवस हमें अपने वीर शहीदों के त्याग व बलिदान की याद दिलाता है और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारे कर्तव्यों का बोध कराता है। वहीं दूसरी ओर तीज जैसे पारंपरिक त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति, पर्यावरण प्रेम और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। आज के युवाओं को आधुनिक शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्राचार्या द्वारा स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के सस्वर गायन और भारत माता के गगनभेदी जयघोष के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन ने विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ भारतीय संस्कृति के प्रति अगाध प्रेम और सम्मान का संचार किया।

