डीसी ने भीम खेल परिसर का दौरा कर लिया खेल सुविधाओं का जायजा
भिवानी।
डीसी साहिल गुप्ता ने बिजली निगम, पंचायती राज और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर स्थानीय भीम खेल परिसर का दौरा किया। उन्होंने खेल सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने भीम खेल परिसर में अत्याधुनिक खेल सुविधाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को एस्टीमेट तैयार करने व जरूरी जरूरी औपचारिकताएं शुरू करने के निर्देश दिए।
डीसी गुप्ता ने बॉक्सिंग हॉल, जिम्नास्टिक हॉल, हॉकी मैदान, सिंथेटिक ट्रेक का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला खेल अधिकारी सतेंद्र कुमार ने डीसी को बताया कि मुख्य मंच के पास भवन के साथ बॉक्सिंग हॉल और जिम्नास्टिक हॉल का भवन भी काफी जर्जर हो व कंडम हो चुका है, इनकी जगह पर नए भवनों की जरूरत है।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग व जिला खेल अधिकारी को निर्देश दिए कि जर्जर हो चुके भवनों की जगह पर नए भवन बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि भीम खेल परिसर में अत्याधुनिक खेल सुविधाएं होना जरूरी है ताकि खिलाड़ी सही ढंग से अभ्यास कर सकें।

