डीसी ने अनाज मंडी का दौरा कर लिया फसल खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा
भिवानी।
डीसी साहिल गुप्ता ने बुधवार को सरसों व गेहूं की खरीद को लेकर स्थानीय अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। डीसी ने गेट पास, वाहनों की एंट्री और बायोमेट्रिक व्यवस्थाओं को चेक किया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान एक किसान से उनके द्वारा गेट पास कटवाने की प्रक्रिया के बारे में पूछा। वहीं डीसी ने मंडी में पांच की बजाय दस जगहों पर बॉयोमेट्रिक मशीने लगाने के निर्देश दिए ताकि किसानों को फसल बिक्री में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मंडी में जाने वाले सडक़ मार्ग को दुरूस्त करने और बिजली निगम को बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम महेश कुमार और डीएफएसी अपार तिवारी भी मौजूद रहे।
अनाज मंडी में निरीक्षण के दौरान डीसी ने मार्केट कमेटी सचिव देवेंद्र ढ़ुल को निर्देश दिए कि मंडी में बिक्री के लिए अनाज लेकर आने वाले ट्रैक्टरों के सामने उनके नंबर जरूर अंकित होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुरूप मंडी में सुबह छह बजे से शाम आठ तक ही गेट पास जारी किए जाएं। निर्धारित समय के अलावा अनाज मंडी में वाहनों के गेट पास जारी ना हों। उन्होंने कहा कि गेट पास मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर पोर्टल पर दर्ज रिकार्ड को देखकर ही जारी किए जाएं।
इसके साथ ही डीसी ने आढती एसोसिएशन की मांग पर मंडी में किसानों स्वय या उनके द्वारा सत्यापित तीन लोगों की बायोमेट्रिक के लिए पांच मशीने बढ़ाकर दस मशीने लगाने के निर्देश दिए ताकि किसानों को अधिक देर तक इंतजार ना करना पड़े। निरीक्षण के दौरान डीसी ने यहां पर अटल किसान कैंटीन का दौरा किया। डीसी ने यहां पर कैंटीन चला रही कन्हैया नारी शक्ति कलस्टर से बिमला से बात की और भोजन की गुणवत्ता व व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस दौरान डीसी ने अधिकारियों से बात करते हुए कहा कि सरकार के निर्देशानुसार 28 मार्च से 6200 रूपए एमएसपी पर सरसों की सरकारी खरीद और एक अप्रैल से बुधवार से 2585 रूपए एमएसपी पर गेहंू की खरीद शुरू हो गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडियों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए।
उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार हो।
सरसों की खरीद हैफेड द्वारा तथा गेहूं की खरीद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, वेयर हाउस और हैफेड द्वारा की जाएगी। सरसों में आठ प्रतिशत से ज्यादा और गेहूं में 12 प्रतिशत से ज्यादा नमी नही होनी चाहिए। भिवानी, बवानीखेड़ा, चांग, धनाना, तालू रोड़ के साथ बांडाहेड़ी, जींद-मुंढ़ाल रोड़ पर बांडाहेड़ी में, तोशाम, पटौदी, सिवानी, लोहारू, ढिगावा, बहल और जुई मंडी में तथा मार्केट कमेटी रोहतक के अधीन आने वाली खरक कलां में गेहूं की खरीद की जाएगी। इसी प्रकार से भिवानी, बवानीखेड़ा, चांग, तोशाम, पटौदी, सिवानी, लोहारू, ढिगावा, बहल, पाजू, जुई, कैरू और खरक कलां में सरसों की खरीद की जाएगी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

