भिवानी में BJP पर बरसे दीपेंद्र हुड्डा

 
भिवानी में BJP पर बरसे दीपेंद्र हुड्डा

रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा वीरवार को भिवानी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भिवानी बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सत्यजीत पिलानिया के आवास पर पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसा।

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग ने भाजपा से मिलकर चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का काम किया है। इसके परिणाम जनता के सामने आए हैं।

भ्रष्टाचार से भाजपा ने इतना पैसा इकट्ठा कर लिया और उस पैसे का प्रयोग व दुरुपयोग चुनाव में हर तरीके से किया जा रहा है। आज प्रजातंत्र पर प्रश्न चिह्न लग रहे हैं। समान अवसर मिलना चाहिए, वह नहीं दिख रही है। प्रजातंत्र बचा रहेगा या नहीं, इसको लेकर कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग से जो सवाल पूछे गए थे, वे जवाब देने की बजाय नेता विपक्ष राहुल गांधी से प्रश्न पूछ रहे हैं। कांग्रेस इसके खिलाफ लड़ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में जो नतीजा आया है, वह जैसी इंडिया गठबंधन को उम्मीद थी। उसके अनुरुप नहीं आया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता इस नतीजे पर गहराई से सोच-विचार करेंगे। वे इसका विश्लेषण करेंगे और जनता को बताएंगे। उन्होंने कहा कि इतना एकतरफा नतीजा, जहाँ 90 प्रतिशत से ज्यादा सीटें एक ही पार्टी जीत जाए, थोड़ा अजीब लगता है। जैसे महाराष्ट्र और बिहार में भाजपा का प्रदर्शन था।

उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत से ज्यादा की स्ट्राइक रेट (जीत का प्रतिशत) पर सवाल उठते हैं। हार-जीत अलग बात है, लेकिन हमारे देश के लोकतंत्र में इतना बड़ा जीत का प्रतिशत पहले कभी नहीं देखा गया, जो सोचने वाली बात है।

अभय चौटाला ने कांग्रेस के वोट चोरी के मुद्दे पर कहा था कि अगर कांग्रेस वोट चोरी की बात कह रही है तो उसको चुनाव नहीं लड़ना चाहिए था। इस पर दीपेंद्र हुड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि जिस पार्टी का जनाधार न बचा हो हरियाणा में। हरियाणा के लोगों ने जिस पार्टी को अस्वीकार कर दिया हो, तो उनके सवालों का जवाब क्या दें। मैं उनके सवालों का जवाब देना ठीक नहीं समझता।