दिल्ली धमाका- आतंकी शाहीन के फ्लैट से ₹18.50 लाख बरामद
दिल्ली ब्लास्ट के आतंकी मॉड्यूल में शामिल लेडी आतंकी डॉ. शाहीन सईद के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी के फ्लैट से नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को 18.50 लाख कैश सहित सोने के बिस्कुट और कुछ गहने मिले है। अलमारी से अरब के अन्य देशों की करेंसी भी मिली है।
गुरुवार की रात को जांच एजेंसी शाहीन को लेकर अल-फलाह यूनिवर्सिटी पहुंची थी। टीम ने यहां पर उसकी सभी गतिविधियों की जांच की। जांच एजेंसी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अल-फलाह यूनिवर्सिटी के अंदर शाहीन का 22 नंबर फ्लैट है। इस फ्लैट में वह काफी समय तक रही।
जांच एजेंसी ने फ्लैट में रखी अलमारी का लॉक खुलवाया तो अंदर सीक्रेट लॉकर मिला। इसके खुलवाया गया तो अंदर कई पैकेट रखे हुए थे। टीम ने जब इन पैकेट को खोल कर देखा तो सभी चौक गए। इन पैकेट में 500-500 रूपए के नोट रखे गए थे। टीम के सदस्यों ने बिना मशीन के जब इन नोटों को गिना तो 18.50 लाख रुपए हुए।
इसके बाद टीम ने अलमारी के दूसरे लॉकर की तलाशी ली। इसमें सोने के 2 बिस्कुट के साथ करीब 300 ग्राम सोने के गहने बरामद किए गए। सूत्रों ने ये भी बताया कि अलमारी से अरब देशों की करेंसी भी मिली है। बता दें कि डॉ. शाहीन के कई करीबी फंडिंग के लिए कई गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के संपर्क में थे।
वह वर्ष 2006 से 2013 तक जीएसवीएम मेडिकल कालेज कानपुर में फार्माकोलॉजी की प्रवक्ता व विभागाध्यक्ष रही। एजेंसी की जांच में सामने आया कि एनजीओ के माध्यम से पैसा मंगाने वाले गिरोह का नेटवर्क खाड़ी देश बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब व संयुक्त अरब अमीरात तक है।
जांच एजेंसी ने इसे बाद अल-फलाह यूनिवर्सिटी के एडमिन ब्लॉक में जाकर शाहीन के नाम पर रजिस्टर एक लॉकर को खोलकर चेक किया। इसमें जांच टीम को कुछ दस्तावेज मिले है, जिनको कब्जे में ले लिया गया है।

