Delhi Liquor Shops Open on Holi: दिल्ली में होली पर नहीं रहेगा 'ड्राई डे'; शराब की दुकानें खुलेंगी, आबकारी विभाग ने जारी किया नया आदेश

दिल्ली में शराब शौकीनों के लिए बड़ी खबर! 4 मार्च 2026 को होली के दिन शराब की दुकानें खुली रहेंगी। दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने होली को 'ड्राई डे' की लिस्ट से बाहर कर दिया है। जानें 2026 की नई ड्राई डे लिस्ट और किन होटलों को मिलेगी छूट।

 
Dry Day in Delhi 2026

दिल्ली में 4 मार्च को होली के दिन शराब की दुकानें खुली रहेंगी. शराब पीने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. सरकार ने दिल्ली को ड्राई डे की लिस्ट से बाहर कर दिया है, जिसकी वजह से कल यानी होली के दिन दिल्ली में शराब की दुकानें खुली रहेंगी. एक्साइज डिपार्टमेंट ने एक ऑर्डर जारी कर इसके बारे में जानकारी दी है, जिसमें होली को लिस्ट से बाहर किया गया. साथ ही अभी भी महाशिव रात्रि, रिपब्लिक डे, महावीर जयंती, ईद पर ड्राई डे रहेगा. यानी इस दिन शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी.

आबकारी विभाग के आदेश के अनुसार होली के दिन शराब की दुकानें खुली रहेंगी और लोगों को जाम छलकाने में किसी तरह की रोक नहीं होगी. आमतौर पर कई धार्मिक और राष्ट्रीय पर्वों पर ड्राई डे घोषित किया जाता है, लेकिन इस बार होली को ड्राई डे से बाहर कर दिया गया है.

Government of National Capital Territory of Delhi के आबकारी विभाग द्वारा जारी आदेश में वर्ष 2026 के लिए जिन दिनों को ड्राई डे घोषित किया गया है, उनमें गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), महाशिवरात्रि (15 फरवरी), ईद-उल-फितर (21 मार्च), राम नवमी (26 मार्च) और महावीर जयंती (31 मार्च) शामिल हैं. आदेश में स्पष्ट रूप से इन तिथियों का उल्लेख किया गया है, जबकि होली का नाम इस सूची में नहीं है.

हमेशा खुले रहेंगे ये होटल

आबकारी विभाग के मुताबिक इन घोषित ड्राई डे पर सभी लाइसेंसधारी दुकानों और ठेकों को बंद रखना अनिवार्य होगा. हालांकि, जिन होटलों के पास एल-15 और 15-एफ लाइसेंस है, वहां ठहरने वाले मेहमानों को सेवा के रूप में शराब उपलब्ध कराने पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा. इसके अलावा, आदेश में यह भी साफ कर दिया गया है कि सूची में किसी बदलाव पर लाइसेंस धारकों को किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया जाएगा.

होली जैसे बड़े त्योहार पर शराब की दुकानें खुली रहने से बाजार में रौनक बढ़ने की संभावना है. त्योहारी सीजन में पहले से ही मिठाई, गुझिया और रंग-गुलाल की बिक्री चरम पर रहती है. ऐसे में शराब की बिक्री भी कारोबारियों के लिए मुनाफे का बड़ा मौका बन सकती है. कई लोग होली मिलन और दोस्तों के साथ पार्टी का आयोजन करते हैं, जहां जश्न का हिस्सा बनती है शराब.