दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन चुनाव आज
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए आज वोट डाले जाएंगे। कुल 2.80 लाख छात्र-छात्राएं 21 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चुनाव में हरियाणा के भी 35 से 40 हजार छात्र अपने पसंदीदा छात्र नेता का चुनाव करेंगे।
हर बार की तरह इस बार भी हरियाणा के कई उम्मीदवार मैदान में हैं। बहादुरगढ़ के आर्यन मान एबीवीपी के टिकट पर प्रेजीडेंट और गुरुग्राम के गोविंद तंवर वाइस प्रेजीडेंट पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
गोविंद तंवर ने अपना चुनाव प्रचार गुरुग्राम से शुरू किया था, क्योंकि यहां से 8 से 10 हजार छात्र दिल्ली यूनिवर्सिटी के कॉलेजों में पढ़ने जाते हैं। खासकर साउथ कैंपस में गुरुग्राम और आसपास के छात्रों का दबदबा रहता है, जो डूसू चुनाव में जीत-हार में निर्णायक साबित होते हैं।
सुबह के कॉलेजों में सुबह साढ़े आठ बजे से मतदान शुरू और दोपहर एक बजे तक चलेगा। वहीं, सांध्य कॉलेजों में दोपहर तीन बजे से शुरू होगा और रात साढ़े सात बजे तक चलेगा। डूसू चुनाव के मद्देनजर नॉर्थ कैंपस, साउथ कैंपस सहित सभी कॉलेजों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।मतदान को लेकर जगह जगह बैरिकेडिंग की गई है और बाहरी लोगों के प्रवेश पर कड़ी नजर रहेगी।
दूसरे से लेकर चौथे वर्ष के छात्र कॉलेज आईकार्ड दिखाकर मतदान कर सकेंगे। जबकि, प्रथम वर्ष के छात्र आईकार्ड न होने की स्थिति में फीस की रसीद दिखाकर वोट कर सकते है। हालांकि, फीस की रसीद के साथ उन्हें मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पेन कार्ड अनिवार्य तौर पर दिखाना होगा। डूसू पैनल के लिए मतदान ईवीएम से और कॉलेज काउंसलर के लिए मतदान बैलेट पेपर से होगा।
एबीवीपी प्रत्याशी
- प्रेजीडेंट-आर्यन मान
- वाइस प्रेजीडेंट- गोविंद तंवर
- सेक्रेटरी-कुणाल चौधरी
- ज्वाइंट सेक्रेटरी-दीपिका झा
एनएसयूआई
- प्रेजीडेंट-जोसलिन नंदिता चौधरी
- वाइस प्रेजीडेंट-राहुल झांसला
- सेक्रेटरी -कबीर
- ज्वाइंट सेक्रेटरी-लवकुश भड़ाना
आइसा-एसएफआई
- प्रेजीडेंट-अंजलि
- वाइस प्रेजीडेंट-सोहन कुमार
- सेक्रेटरी-अभिनंदना
- ज्वाइंट सेक्रेटरी-अभिषेक