भिवानी: DWPS में मदर्स डे और रेड क्रॉस डे की धूम, माताओं ने जीता दिल
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल भिवानी में मदर्स डे और रेड क्रॉस डे उत्साहपूर्वक मनाया गया। माताओं के लिए फन गेम्स और छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन।
7 मई 2026
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, भिवानी में प्राचार्या डॉ निर्मला नीतू जी की अध्यक्षता में ‘मदर्स - डे’ एवं ‘वर्ल्ड रेड क्रॉस डे’ उत्साह पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर एक विशेष प्रार्थना - सभा का आयोजन किया गया एवं कक्षा नर्सरी से तीसरी तक के माता अभिभावकों के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अभिभावक माताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभागिता की। इस अवसर पर श्रीमती राजबाला ने मुख्य अतिथि और श्रीमती सरोज शर्मा व श्रीमती कमला जी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
विशेष प्रार्थना - सभा का संचालन कक्षा छठी की छात्राओं भव्य व नव्या के द्वारा किया गया। मान्या और रिद्धिमा ने मातृ - दिवस पर अपने विचार प्रस्तुत किये। कक्षा दसवीं की छात्रा रितिका ने ‘वर्ल्ड रेड क्रॉस - डे’ पर अपने विचारों से सभी को अवगत करवाया, वहीं कक्षा सातवीं की छात्रा भव्य व दिव्या ने मातृशक्ति पर अपनी कविता प्रस्तुत कर प्रार्थना - सभा को अभिभूत कर दिया। कक्षा दसवीं की छात्रा कनिष्का ने नृत्य प्रस्तुति के द्वारा मातृ - प्रेम को अभिव्यक्त किया। कक्षा आठवीं की छात्राओं रियाना और यशमिन ने नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से मातृ - प्रेम की अनुभूतियों को प्रदर्शित किया। कक्षा आठवीं के सभी विद्यार्थियों ने ‘वर्ल्ड रेड क्रॉस - डे’ पर प्रेरक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसने सभी दर्शकों को मंत्र - मुग्ध कर दिया। कक्षा चौथी एवं पांचवीं की सभी छात्राओं ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को अभिभूत कर दिया।
‘मदर्स - डे’ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पधारीं (कक्षा नर्सरी से तीसरी तक के विद्यार्थियों की) माता अभिभावकों को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सभी माता - अभिभावकों ने प्रसन्नतापूर्वक गेम - वॉक की। एकल नृत्य में श्रीमती रिचा शर्मा ने पुरस्कार प्राप्त किया, वहीं ‘डांस विद चाइल्ड’ परफॉर्मेंस में प्रज्ञा और रीत की माता अभिभावकों ने पुरस्कार प्राप्त किये।
श्रीमती रंजू शर्मा ने सुमधुर गीत प्रस्तुत कर पुरस्कार प्राप्त किया। इस कार्यक्रम में सभी माता - अभिभावकों व अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई और उन्हें आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉक्टर निर्मला नीतू ने पधारे हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अभिभावकों व समस्त स्टाफ को मातृ दिवस के उपलक्ष्य में बधाई दी और सभी का आभार व्यक्त किया।

