हरियाणा में घने कोहरे और कोल्ड-डे का अलर्ट

 
हरियाणा में घने कोहरे और कोल्ड-डे का अलर्ट

हरियाणा में हाड़ कंपाने वाली ठंड का दौर शुरू हो गया है। 26 दिसंबर तक घने कोहरे और कोल्ड-डे का रेड अलर्ट जारी किया गया है। आज और कल सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और उत्तर हरियाणा के जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सोनीपत व झज्जर में सुबह से घना कोहरा छाया है। फतेहाबाद में भी धुंध का असर दिखाई दे रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है क्रिसमस के बाद एकाएक ठंड और बढ़ेगी। हरियाणा में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

सोमवार रात नारनौल 6.0°C के साथ राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा।

हालांकि औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2°C अधिक बना हुआ है, लेकिन आने वाले 4 दिनों में कोहरे और कोल्ड-डे की स्थिति जनजीवन को प्रभावित कर सकती है।

आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह (मेवात), रोहतक और जींद में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

उधर, कोहरे का असर परिवहन सेवाओं पर असर पड़ रहा है। पानीपत में 15 से ज्यादा ट्रेनें समय से लेट रही। कटिहार-अमृतसर जाने वाली 15707 एक्सप्रेस 7 घंटे, मालवा एक्सप्रेस करीब 5 घंटे और ऊंचाहार एक्सप्रेस साढ़े 7 घंटे देरी से चल रही है। शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस भी 7 घंटे देरी से चल रही है। वहीं, हिसार में अजमेर से चंडीगढ़ जाने वाली वंदे भारत 5 घंटे लेट रही।