हरियाणा में घना कोहरा, बस समेत 5 वाहन टकराए
हरियाणा में आज (17 जनवरी) मौसम बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार, कई क्षेत्रों में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
वहीं, न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
सुबह से सोनीपत, पानीपत, करनाल, रोहतक और झज्जर के साथ जीटी रोड के अन्य जिलों समेत प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। शहर के बाहरी इलाकों में विजिबिलिटी जीरो रही।
इसी बीच करनाल में नेशनल हाईवे पर कुटेल के पास कोहरे के कारण लिबर्टी कंपनी की बस के साथ चार गाड़ियां टकरा गईं। इसमें बस ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक महिला की टांगें कटने की सूचना है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बीती रात को औसत न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। सबसे कम तापमान नारनौल (महेंद्रगढ़) में 3.0°C दर्ज किया गया, जो हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान रहा।
वहीं, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.0°C, अंबाला में 5.8°C, हिसार में 5.6°C, करनाल में 4.9°C और रोहतक में 5.4°C दर्ज किया गया।

