अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डिपो होल्डर यूनियन ने डीएफएससी को सौंपा ज्ञापन
भिवानी :
डिपो होल्डर यूनियन भिवानी ने जिले के डिपो होल्डरों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं के निवारण हेतु बुधवार को भिवानी के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को मांगपत्र सौंपा।
डिपो होल्डर यूनियन के प्रधान हरदेश कुमार हैप्पी के नेतत्व में शहर के डिपो होल्डरों की तरफ से 6 प्रमुख मांगे रखी हैं। जिसमें बकाया कमीशन, पीओएस मशीन पर पेपर रोल की आपूर्ति, पीओएस मशीन पर अंगूठे के निशान की संख्या कम करना, गेहूं की गुणवत्ता की जांच, शहर में धर्म कांटा निर्धारित करने की मांग उठाई गई। डिपो होल्डरों ने कहा कि वे अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पिछले कई माह से भटकने को मजबूर हो रहे है तथा अनेक बार जनप्रतिनिधियों को अवगत करवा चुके है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा, जिसके चलते डिपो होल्डरों में रोष बढ़ता जा रहा है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को सौंपे गए माध्यम के माध्यम से प्रधान हरदेश कुमार हैप्पी ने बताया कि पिछले 5 महीने का बकाया कमीशन के पैसे न मिलने के कारण डिपो होल्डरों को तेल (चीनी के साथ दिया जाने वाला) अपनी जेब से ही खरीदना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कमीशन के पैसे में तेल की कीमत को हर महीने समायोजित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पीओएस मशीन में लगने वाले पेपर रोल की आपूर्ति सरकार द्वारा की जानी चाहिए, लेकिन वर्तमान में डिपो होल्डरों को यह खर्च स्वयं उठाना पड़ रहा है। पुरानी मशीनों में अत्यधिक समस्याएं होने के कारण नई पीओएस मशीनें जल्द से जल्द लगवाई जानी चाहिए, ताकि डिपो होल्डरों को थोड़ी राहत दी जा सकें। उन्होंने कहा कि पीओएस मशीन पर लगने वाले तीन अंगूठों के निशान को एक किया जाए।
इससे डिपो पर भीड़ कम होगी और आम जनता को सुविधा मिलेगी। वही गेहूं उठाने से पहले डिपो होल्डर द्वारा गठित टीम को गेहूं की गुणवत्ता दिखाई जाए। उन्होंने कहा कि शहर के लिए एक धर्मकांटा निर्धारित किया जाए, जहां डिपो होल्डर अपना गेहूं तुलवा सकें। इससे डिपो होल्डरों को गेहूं का सही वजन पूरी मात्रा में मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि उन्हे उम्मीद है कि जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही उनका समाधान करेंगे, क्योंकि कमीशन के भुगतान और पीओएस मशीन संबंधी परिचालन सुधार डिपो होल्डरों के लिए सबसे बड़ी राहत होगी।
इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डिपो होल्डरों की उपरोक्त समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन उन्हे संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस अवसर पर महेंद्र कुमार बिशन स्वरुप, साहिल बत्रा, पंकज जैन, पवन कुमार, शैलेन्द्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, रमेश खेडा, पिंकी देवी, मनोज सैनी, नितिन बासिया भी साथ रहे।

