शिकायतों का समाधान करने में नागरिकों के बार-बार चक्कर न कटवाएं: डीसी 

 
शिकायतों का समाधान करने में नागरिकों के बार-बार चक्कर न कटवाएं: डीसी 

भिवानी।

डीसी साहिल गुप्ता ने विशेषकर क्रीड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परिवार पहचान पत्र में आय दुरूस्त करने और पेंशन संबंधित शिकायतों के समाधान करने के दौरान नागरिकों के बार-बार चक्कर न कटवाएं। समस्या का समाधान करने के साथ-साथ नागरिकों की संतुष्टि भी करें।

आमजन की सुविधा के लिए ही सरकार के निर्देशानुसार समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिकों को इन शिविरों का सीधा फायदा भी मिलना चाहिए। समस्याओं का समाधान करने में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीसी श्री गुप्ता सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित समाधान शिविर में अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे थे।

डीसी के समक्ष सरोज देवी ने बिजली का बिल कम करवाने बारे, कायला निवासी होशियार सिंह, चन्द्र सिंह व सुनिता ने पीपीपी से सम्बधित समस्या रखी, राज बाई, सुनीता, गरिमा ने विधवा पेंशन बनवाने बारे, कलिंगा निवासी बिमला ने पुलिस कार्यवाही बारे, सैक्टर-13 निवासी कमलेश ने बुस्टिंग स्टेशन की चार दीवारी दुरूस्त करवाने बारे, सैक्टर-23 निवासी हरपाल ने ग्रीन बैल्ट पार्क में शैड बनवाने बारे की मांग रखी।
इसी प्रकार से ग्राम पंचायत तिगड़ाना, पपोसा व जाटू लोहारी के निवासियों ने खेतों में जमा बरसाती पानी निकलवाने बारे, नर सिंह ने स्कूल से एसएलसी दिलवाने बारे, हनुमान गेट निवासियों ने सडक़ से अवैध कब्जा हटवाने बारे, पालुवास निवासी धर्मबीर ने मिताथल माईनर की सफाई करवाने बारे की शिकायत डीसी गुप्ता के समक्ष रखी। डीसी ने नागरिकों की समस्याओं को बड़े ही गौर से सुना और उनके समाधान बारे अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान डीसी ने क्रीड के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पेंशन संबंधित परिवार पहचान-पत्रों में आय दुरूस्त करने की लंबित शिकायतों की सूची तैयार की जाए। इन मामलों को शीघ्र स्वीकृति के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय पर भेजा जाएगा ताकि शीघ्रता से समाधान हो सके।
  समाधान शिविर में एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल, सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा, डीएमसी गुलजार मलिक, सीटीएम अनिल कुमार, जिला राजस्व अधिकारी सुशील शर्मा, टीएम भरत पाल, उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर के अलावा गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार सहित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।