हरियाणा में सर्दी का डबल अटैक, नारनौल सबसे ठंडा

 
हरियाणा में सर्दी का डबल अटैक, नारनौल सबसे ठंडा

हरियाणा में सर्दी ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार, बीती रात को राज्य में औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

राज्य का तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, नारनौल हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हिसार में 3.7 डिग्री, करनाल में 7.0 डिग्री, अंबाला में 7.7 डिग्री और चंडीगढ़ में 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से नीचे रहा। भिवानी, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, पंचकूला और सोनीपत में भी ठंड का असर तेज़ी से बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में हरियाणा के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते सुबह और देर रात के समय ठिठुरन बढ़ सकती है।

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल शुष्क मौसम बना रहेगा, लेकिन घने कोहरे और पाले की स्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि आज 4 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी है।इससे मौसम में बदलाव होगा।8 दिसंबर को फिर से ठंड बढ़ सकती है। परंतु 8 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट जारी रही। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6°C नीचे चल रहा है। पलवल जिले के पलवल वाटर सर्विस डिवीजन (AWS) में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 23.6°C दर्ज किया गया। सिरसा में सबसे कम अधिकतम तापमान 18.2°C रिकॉर्ड हुआ। नारनौल में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6°C नीचे रहा, जबकि रोहतक में यह गिरावट 4.5°C रही।

हरियाणा का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार, भिवानी, सिरसा और महेंद्रगढ़ में भी तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे व इसके आसपास पहुंच गया। अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है, जबकि राज्य में फिलहाल शुष्क मौसम बना रहेगा।