संस्कारों की कुंजी हैं बुजुर्ग: श्रुति चौधरी

 
संस्कारों की कुंजी हैं बुजुर्ग: श्रुति चौधरी

  भिवानी।  

महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि  हमें हमेशा बुजुर्गों की सेवा करनी चाहिए। बुजुर्गों से ही हमारे अंदर संस्कार आते हैं। बुजुर्गों के पास जीवन का बहुत लंबा अनुभव होता है, जिससे हमें मार्गदर्शन मिलता है। बुजुर्ग संस्कारों की कुंजी हैं।
                   श्रुति चौधरी शुक्रवार देर सायं तोशाम विधानसभा क्षेत्र के गांव राजपुरा खरकड़ी में सजग भारत चैरिटेबल ट्रस्ट की स्थापना दिवस पर एवं चौधरी सुरेंद्र सिंह के जन्म दिवस पर सजग भारत वृद्ध आश्रम के शिलान्यास करने के उपरांत ग्रामीणों को संबोधित कर रहीं थी।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे जीवन में रोशनी का काम करते हैं। उनका लंबा अनुभव हमें जीवन की सही राह दिखता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को चाहिए कि वे प्रतिदिन बुजुर्गों के पास जरूर बैठें और उनसे उनके जीवन के बारे में अनुभव लें। उन्होंने कहा कि इससे बुजुर्गों का मन भी प्रसन्न होगा।

बुजुर्गों को केवल अपने बच्चों से बात करने की उम्मीद ही होती है, जब बच्चे उनके पास बैठकर बात करते हैं तो इनका मन खुश हो जाता है। 

सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया: श्रुति चौधरी 

इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष में माय भारतीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार और जिला प्रशासन के तत्वावधान में निकाली गई एकता पदयात्रा के गांव राजपुरा खरकड़ी में समापन अवसर पर युवाओं को संदेश देते हुए श्रुति चौधरी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 560 से अधिक रियासतों को समाप्त करके भारत को एकता के सूत्र में पिरोया।

देश की एकता और अखंडता उनके लिए सर्वोपरि थी। उन्होंने कहा कि युवाओं में देशभक्ति की भावना जरूरी है। आज भारत युवाओं की वजह से ही दुनिया की सबसे बड़ी ताकत के रूप में उभर रहा है।

भारत का युवा सबसे अधिक प्रतिभावान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का प्रयास है कि देश का हर युवा उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों के जीवन संघर्ष के बारे में जाने, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन कुर्बान किया है। इसी के चलते पूरे देशभर में एकता पदयात्रा जैसे कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।
 भाजपा  जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर नई ऊंचाइयां छू रहा है। भारत बहुत तेज गति से आत्मनिर्भर बन रहा है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वदेशी वस्तुएं अपनाएं। उन्होंने अपने संबोधन के माध्यम से युवाओं में जोश भरा।
इस दौरान सजग भारत चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश चोपड़ा ने केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी और अन्य सभी गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया. वहीं सुरेश गोयल ने वृद्ध आश्रम के निर्माण और ट्रस्ट द्वारा किए का रहे अन्य जन सेवा के कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। 
 सजग भारत चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियो और पार्टी पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर और पगड़ी बांधकर स्वागत किया। 
एकता पदयात्रा भिवानी के किरोड़ीमल पार्क से शुरू हुई, जो घंटाघर, हांसी गेट, रेस्ट हाउस, राजकीय महाविद्यालय, फ्रेंड्स कॉलोनी से होते हुए गांव राजपुरा खरकड़ी में संपन्न हुई। एकता पदयात्रा का नेतृत्व भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानी   खेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक और अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष से विजेंद्र बडगूजर ने किया।
 इस अवसर पर माय भारत से जिला युवा कार्यक्रम अधिकारी नित्यानंद यादव, बीजेपी के जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, एडवोकेट राजबाला श्योरान, रेखा राघव,  नविता तंवर, वरिष्ठ भाजपा नेता अमर सिंह हालुवास, एडवोकेट हरिसिंह सांगवान, प्रदीप गोलागढ़, दिलबाग नीमड़ी, कृष्ण लेंघा, राष्ट्रपति अवॉर्डी अशोक भारद्वाज, सजग चरिटेबल ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी गण, सरपंच रत्न कुमार, सुभाष वालिया, रामहेर राघव, सरपंच अमन सिंह, रिंकू, डॉ बीआर अम्बेडकर सोसायटी खरकड़ी राजपुरा के सभी पदाधिकारी गण नागरिक और हजारों की संख्या में युवा मौजूद रहे।