पात्र व्यक्ति उठाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ:दीपक बाबूलाल करवा
तोशाम।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार वीरवार को गांव पिंजोखरा में जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों की समस्याओं पर दो सप्ताह के अंदर-अंदर कार्रवाई कर रिपोर्ट जिला मुख्यालय प्रस्तुत करें। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि भिवानी सरल केंद्र के अलावा जिला के प्रत्येक खंड कार्यालय में आधार कार्ड नि:शुल्क बनाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों की दौड़ और महिलाओं की मटका दौड़ प्रतियोगिता करवाई गई। एसडीएम प्रदीप अहलावत, नायब तहसीलदार अशोक कुमार और थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं डीएसपी दलीप कुमार ने युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकलने का संदेश दिया।
एसडीएम प्रदीप अहलावत ने उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलवाकर समाज में नशे को जड़मूल से खत्म करने संकल्प दिलवाया। सरपंच मंजू और प्रतिनिधि अंकित लांबा तथा बीडीसी रिंकी देवी व अन्य प्रबुद्ध लोगों ने अधिकारियों का पगड़ी पहनाकर, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों ने एडीसी श्री करवा के समक्ष पीएम किसान निधि योजना का लाभ दिलाने, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण करवाने, फसल बीमा योजना का लाभ दिलवाने, मकान निर्माण हेतू सहायता राशि दिलवाने, दिव्यांगता पेंशन बनवाने, बिजली ट्रांसफार्मर लगवाने, बिजली के पोल बदलवाने, वृद्धावस्था पेंशन बनवाने, गली पक्की बनवाने, माइनर पर पुलिया बनवाने, बिजली बिल दुरुस्त करवाने, सिंचाई के लिए खेतोंं में नाली बनवाने, पीएम सूर्यघर योजना का लाभ दिलवाने, दिव्यांग पेंशन बनवाने, गांव के स्कूल को 12वीं कक्षा तक का दर्जा दिलवाने, स्टेडियम का निर्माण करवाने तथा उसमें खेल का सामान रखवाने आदि समस्याएं रखी।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए एडीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रात्रि ठहराव में आई ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित और ठोस कार्रवाई करें।
ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के लिए ही सरकार के निर्देशानुसार रात्रि ठहराव कार्यक्रमों में प्रशासन द्वारा जनसुनवाई की जाती है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि वे समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार के लापरवाही या ढिलाई ना बरतें।
वहीं एडीसी ने ग्रामीणों से कहा कि प्रदेश सरकार की अधिकांश जनकल्याणकारी योजनाएं ऑनलाइन तरीके से पीपीपी से जुड़ी हुई हैं। पात्र व्यक्ति ऑनलाइन तरीके से उनके लिए आवेदन कर सकते हैं। पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं सरकार द्वारा योजनाओं की लाभ राशि सीधे पात्र व्यक्तियों के खाते में पारदर्शिता के साथ भेजी जा रही है।
बॉक्स
- डीएसपी दलीप कुमार ने ग्रामीणों को दिया युवाओं को नशे से बचाने का संदेश
समस्याएं सुनने के दौरान डीएसपी दलीप कुमार ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वह युवाओं को किसी भी प्रकार के नशे से बचाने के लिए आगे आएं। पुलिस प्रशासन द्वारा युवाओं को नशे की दलदल से निकालने के लिए भरसक प्रयास किया जा रहे हैं। इसमें ग्रामीणों का सहयोग जरूरी है। यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में है या जा रहा है तो वे इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दें। पुलिस द्वारा नशे में फंसे युवाओं के काउंसलिंग की जाएगी और नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाएगा।
- विभिन्न विभागों ने दी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, कल्याण विभाग, बिजली निगम, क्रीड, सिंचाई विभाग, बागवानी विभाग, कृषि विभाग, सौर ऊर्जा और राजस्व आदि जनता से सीधे रूप से जुड़े विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
- मटका दौड़ प्रतियोगिता में बुजुर्गों और महिलाओं ने लगाया पूरा दमखम
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान मटका दौड़ खेल प्रतियोगिता करवाई गई, जिसमें बुजुर्गों और महिलाओं ने पूरा दमखम लगाया। बुजुर्गों की दौड़ में श्रीराम ने पहला, उमेद ने दूसरा और कृष्ण ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार से महिलाओं की दौड़ में लक्ष्मी ने पहला, मोनिका ने दूसरा और नीता ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि अंकित लांबा ने सभी अधिकारियों का स्वागत और आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में एसडीएम प्रदीप अहलावत, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ विनोद फोगाट, बीडीपीओ अमित कुमार, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, थाना प्रभारी महावीर सिंह, सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य, डीएसओ विद्यानंद, सहायक कृषि अभियंता डॉ नसीब धनखड़, गांव के सबसे बुजुर्ग श्योनारायण लांबा, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अनिल लांबा, पूर्व सरपंच धर्मवीर लांबा, पूर्व सरपंच रमेश लांबा, पूर्व सरपंच नर सिंह लांबा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजेश पूर्व सरपंच सुरेश के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी और गांव के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

