फास्ट फूड शॉप में ब्लास्ट, पूरा बाजार हिला
पंचकूला में एक फास्ट फूड की दुकान में अचानक ब्लास्ट हो गया। यह घटना कालका के बाजार में हुई। धमाका इतना जोरदार था कि बंद दुकान का शटर सड़क से 100 मीटर दूर जाकर गिरा। साथ ही दीवार भी गिर गई।
दुकान के पास खड़ी बाइक और स्कूटी भी इस धमाके से गिर गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। इस हादसे में कोई भी व्यक्ति चपेट में नहीं आया है।
ब्लास्ट सुबह 10 बजे के करीब हुआ। ब्लास्ट के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। अभी धमाके का कारण नहीं पता चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कालका के हाउसिंग बोर्ड में बस स्टैंड के सामने एक फास्ट फूड की शॉप है। सुबह से ये दुकान बंद थी, अचानक सुबह करीब 10 बजे दुकान में तेज ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट से दुकान का शटर पार्क के पास आकर गिरा। धमाके की आवाज से पूरा बाजार हिल गया, लोग धमाके से डर गए और उन्होंने तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस को दी।