गांवों में दी जा रही हैं शहरों की तर्ज पर सुविधाएं: कृष्ण लाल पंवार

 
गांवों में दी जा रही हैं शहरों की तर्ज पर सुविधाएं: कृष्ण लाल पंवार

बवानी खेड़ा।

हरियाणा प्रदेश के विकास एवं पंचायत तथा भू विज्ञान एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और भाजपा सरकार की लोकप्रियता का प्रमाण है कि हाल ही में संपन्न हुए नगर निगम और नगर पालिकाओं के चुनाव में 35 में से 34 सीट लोगों ने भाजपा की झोली में डाली हैं। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी कार्य कर रही है। 

      श्री पंवार रविवार को बवानी खेड़ा में नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री के कार्यभार ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 6225 गांव में से 1000 गांव में प्रथम चरण में ई लाइब्रेरी बनवाने का कार्य किया जाएगा ताकि गांव के युवा शहरों की तर्ज पर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।  इसी प्रकार से इन गांव में महिला चौपाल और सांस्कृतिक केंद्र बनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि 1000 गांव की फिरनी को पक्का करके वहां पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएंगी ताकि गांव रोशन हों। पंचायत मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 2200  तालाबों का प्रथम चरण में सौंदर्य करण किया जाएगा ताकि उनमें पानी सही ढंग से एकत्रित हो सके और गांव में जल भराव की समस्या ना हो। इसी प्रकार से पूरे प्रदेश में श्मशान घाटों की चारदीवारी बनाने का कार्य किया जाएगा, उनका रास्ता पक्का किया जाएगा और उनमें शेड और पानी का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की चुनी हुई सरकार जनता के हितों के लिए समर्पित है। 

                  प्रदेश के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के 1966 में निर्माण के बाद यह पहली बार हुआ है कि किसी भी पार्टी की लगातार तीसरी बार सरकार बनी हो। इसी प्रकार से केंद्र में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि जब से मोदी ने प्रधानमंत्री का पद संभाला है तब से देश का गौरव बढ़ा है।

आज दुनिया में भारत की अलग पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार निरंतर लोगों की भलाई के लिए कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि जनता का भरपूर समर्थन भाजपा को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार निरंतर जनहित में निर्णय ले रही है। लोगों को किसी भी प्रकार से परेशानी नहीं होने दी जाएगी। 

      बवानी खेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि अब कस्बे के विकास में और अधिक तेज गति आएगी। पारदर्शिता के साथ में कस्बे में विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हल्का बवानी खेड़ा विकास के मामले में अव्वल होगा। वे दिन रात लोगों की भलाई के लिए लगे हैं। 

     इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक विजय शर्मा कुंगड़, सुभाष कौशिक, देवेंद्र अत्री अभी पार्षदों सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे