बेटे की हत्या करने वाले परिवार का बहिष्कार
फतेहाबाद में बेटे के मर्डर कराने वाले परिवार का पंचायत ने सामाजिक बहिष्कार कर दिया। महमदकी गांव में हुए जगविंद्र के मर्डर को लेकर बुधवार सुबह गांव में पंचायत हुई।
पंचायत में फैसला लिया गया कि जगविंद्र के परिवार और हत्या करने वाले दोनों लोगों के परिवार से कोई मेलजोल नहीं रखेगा। अगर किसी ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उनका भी सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
सदर थाना रतिया पुलिस इस मामले में जगविंद्र के पिता, भाई समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जगविंद्र अपनी प्रेमिका से शादी कर अलग रहना चाहता था। इसलिए परिवार से उसने जमीन में हिस्सा मांगा था।
जगविंद्र से परेशान होकर पिता और भाई ने उसकी हत्या की प्लानिंग की। इसके लिए उन्होंने गांव के 2 लोगों को 1.20 लाख रुपए में सुपारी दी। 18 जनवरी को दोनों ने कस्सी से गर्दन काटकर जगविंद्र की हत्या कर दी।
सरपंच प्रतिनिधि हरदेव सिंह ने बताया कि 18 जनवरी को हमारे गांव महमदकी में एक मर्डर हुआ। इस मामले को लेकर आज पूरा गांव इकट्ठा हुआ। सभी ने इकट्ठे होकर एक मता पास किया कि जो भी इस मर्डर में साजिशकर्ता और कातिल थे, उन तीनों परिवारों का बहिष्कार किया गया। उनके साथ कोई मेलजोल नहीं रखेगा। ऐसे बंदे समाज के लिए खतरा हैं। जो लोग इन तीनों परिवारों के टच में रहेगा, उनका भी बहिष्कार किया जाएगा।

