किसान दिल्ली कूच: हरियाणा में पुलिस से झड़प, बॉर्डर सील और ट्रैफिक डायवर्ट

अमेरिका के साथ ट्रेड डील के विरोध में किसानों का दिल्ली कूच। शंभू और कुंडली बॉर्डर पर भारी सुरक्षा, करनाल में झड़प और कई किसान हिरासत में।

 
अंबाला पुलिस ट्रैफिक एडवाइजरी

अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसान संगठनों ने आज 'दिल्ली कूच' का ऐलान किया है. किसानों ने दिल्ली के किसान घाट पहुंचकर प्रदर्शन करने की कॉल दी है. इसे देखते हुए हरियाणा के अंबाला स्थित शंभू बॉर्डर और टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

करनाल में दिल्ली कूच कर रहे किसानों ओर पुलिस के बीच झड़प

करनाल में दिल्ली कूच कर रहे किसानों ओर पुलिस के बीच झड़प. किसानों ने हाइवे पर बैठ कर रोड जाम कर दिया है. पुलिस ने भारी बैरिकैडिंग कर किसानों को करनाल में ही रोक दिया है. जिसके चलते तनाव की स्थिति बनी हुई है.

शंभू बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात

शंभू बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात है. किसान भी बड़ी संख्या में शंभू बॉर्डर पर पहुंच चुके हैं, लेकिन उन्हें आगे नहीं आने दिया जा रहा. बैरिकेडिंग के जरिए उन्हें रोका गया है. फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से किसानों का प्रदर्शन जारी है.

दिल्ली हरियाणा बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ाई गई, भिगान टोल प्लाजा पर थ्री-लेयर बैरिकेडिंग

सोनीपत: किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली हरियाणा बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सोनीपत से दिल्ली जाने वाले हाइवे पर पुलिस का सख्त पहरा है. मुरथल टोल, कुंडली बॉर्डर और हाल्दाना बॉर्डर पर बैरिकेडिंग की गई है. भिगान टोल प्लाजा पर थ्री-लेयर बैरिकेडिंग लगाई गई है. दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है. संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर पुलिस की पैनी नजर, भारी पुलिस फोर्स तैनात. पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा. हाईवे पर बनाए गए चेकिंग प्वाइंट्स का किया निरीक्षण. अधिकारियों को सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के दिए निर्देश.

कुरुक्षेत्र में पुलिस ने करीब 100 किसानों को हिरासत में लिया

कुरुक्षेत्र से दिल्ली जा रहे किसानों को पुलिस ने ज्योतिसर पुलिस चौकी के पास से हिरासत में लिया. करीब 100 किसानों को पुलिस लाइन ले जाया गया है. दरअसल किसान संगठनों ने दिल्ली कूच का ऐलान किया है. जिसके तहत पंजाब-हरियाणा और अन्य राज्यों के किसान बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.

झज्जर में किसानों को पुलिस ने रोका

झज्जर: बहादुरगढ़ से दिल्ली जा रहे किसानों को पुलिस ने रोका, यूईआर पर बैरिकेडिंग. पंजाब से किसान दिल्ली जा रहे थे. पुलिस ने किसानों की पांच बसें हाईवे पर रोकी. दिल्ली-हरियाणा सीमा पर कड़ी सुरक्षा, दोनों राज्यों की पुलिस तैनात. किसानों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति. दिल्ली जाने पर किसान अड़े. दिल्ली कूच रोकने के लिए बहादुरगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था सख्त,हाईवे पर निगरानी बढ़ी

किसान संगठनों ने आज 'दिल्ली कूच'

अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसान संगठनों ने आज 'दिल्ली कूच' का ऐलान किया है. किसानों ने दिल्ली के किसान घाट पहुंचकर प्रदर्शन करने की कॉल दी है. इसे देखते हुए हरियाणा के अंबाला स्थित शंभू बॉर्डर और टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

शंभू बॉर्डर पर भारी बैरिकेडिंग

किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. शंभू बॉर्डर पर भारी बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तथा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. इलाके के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.

नेशनल हाईवे-44 पर आवागमन बंद

वहीं, नेशनल हाईवे-44 पर आवागमन को पूरी तरह रोक दिया गया है. कई स्थानों पर बैरिकेड्स लगाकर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है, जिससे आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है.

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी किसान संगठन या प्रदर्शनकारी दल को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यदि कोई समूह जबरन आगे बढ़ने की कोशिश करता है, तो उससे निपटने के लिए भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है.

अंबाला पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

हरियाणा-पंजाब शंभू बॉर्डर बंद: ​शंभू बॉर्डर के बंद होने के कारण, दिल्ली और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे इन मार्गों का पालन करें.

​दिल्ली से पंजाब आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग:

  • मार्ग 1: अंबाला छावनी ➔ चंडीगढ़ मार्ग ➔ लालड़ू ➔ डेरा बस्सी ➔ जीरकपुर ➔ पंजाब
  • ​मार्ग 2: लालड़ू या डेरा बस्सी से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करके पंजाब आ सकते हैं।

​पंजाब से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग:

  • ​मार्ग 1: राजपुरा ➔ लालड़ू ➔ डेरा बस्सी ➔ जीरकपुर ➔ अंबाला छावनी ➔ दिल्ली
  • ​मार्ग 2: राजपुरा, लालड़ू, डेरा बस्सी से भी वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करके अंबाला छावनी और फिर दिल्ली जा सकते हैं.

अंबाला पुलिस ने बताया कि "​किसी भी आपातकालीन स्थिति में, सहायता प्राप्त करने के लिए कृपया डायल 112 पर संपर्क करें. ​अंबाला पुलिस यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। असुविधा के लिए हमें खेद है."