फतेहाबाद: फर्जी इंश्योरेंस के नाम पर ठगी, 4 और साइबर ठग गिरफ्तार
फतेहाबाद पुलिस की साइबर ठगी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई। फर्जी इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले 4 और ठग गिरफ्तार। पढ़ें पूरी डिटेल।
फतेहाबाद : फतेहाबाद की साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने फर्जी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे। इस प्रकार अब तक कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों, बैंक खातों, डिजिटल ट्रेल एवं गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में लगातार कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार उर्फ रवि निवासी वार्ड नंबर-3, हांसी, रवि कुमार निवासी गली नंबर-2, अशोक नगर, फतेहाबाद, रिपन निवासी अशोक नगर, फतेहाबाद तथा नितेश कुमार निवासी निवासी भट्ठा कॉलोनी, फतेहाबाद के रूप में हुई है।
प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि शिकायतकर्ता बलजिंद्र सिंह, जो भारतीय सेना में लांस नायक के पद पर कार्यरत हैं तथा गांव हिजरावां कलां के निवासी हैं, को आरोपियों ने स्वयं को एक प्रतिष्ठित लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कस्टमर आईडी बनाने एवं विशेष लाभ दिलाने का झांसा दिया। विश्वास में लेकर आरोपियों ने शिकायतकर्ता से विभिन्न बैंक खातों में अलग-अलग किश्तों के माध्यम से ₹4,46,882 जमा करवा लिए। राशि प्राप्त करने के बाद न तो कोई पॉलिसी संबंधी लाभ दिया गया और न ही राशि वापस की गई। स्वयं को साइबर ठगी का शिकार महसूस होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।तकनीकी जांच के आधार पर पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने अब चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से Redmi A5, Redmi A2, NARZONGI मोबाइल, Nokia कीपैड मोबाइल, Dell कंपनी का लैपटॉप, Canon कंपनी का प्रिंटर, तीन सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड, VI कंपनी के फर्जी टावर लगाने से संबंधित दस्तावेज तथा Approved, VI Pvt. Ltd. Company एवं Om Prakash Managing Director नाम की तीन फर्जी मोहरें बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी रवि कुमार उर्फ रवि से ₹10,000, रवि कुमार पुत्र मोहनलाल से ₹15,000, रिपन से ₹20,000 तथा नितेश कुमार से ₹20,000 बरामद किए हैं। इस प्रकार इस कार्रवाई में कुल ₹65,000 नकद बरामद किए गए हैं।

