भिवानी में 3 बेटियों के पिता की एक्सीडेंट में मौत
भिवानी
गांव किरावड़ निवासी एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह पैदल अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने शव को सड़क किनारे पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
गांव बागनवाला निवासी कनिका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे तीन बहनें हैं और सभी शादीशुदा हैं। उसकी शादी करीब दो साल पहले गांव बागनवाला निवासी राहुल के साथ हुई थी। 2 जनवरी की रात उसे सूचना मिली कि उसके पिता, गांव किरावड़ निवासी गिरदारी, रात करीब साढ़े 9 बजे तोशाम रोड से पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से गिरदारी को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बवानीखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने मृतक की बेटी कनिका की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बवानीखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

