7वें युवा महोत्सव उत्कर्ष 2025 में विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित
भिवानी :
स्थानीय चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में 21 से 23 नवंबर तक आयोजित हुए 7वें युवा महोत्सव उत्कर्ष 2025 में यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और विभिन्न विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया।
इस महोत्सव में छात्रों की कला, संस्कृति और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव की सफलता के बाद मंगलवार को संस्थान परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में उन सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने उत्कर्ष 2025 में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान हासिल किया था। यह सम्मान प्राचार्य अदम्यवीर के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उन्होंने छात्रों की सफलता पर खुशी व्यक्त की और भविष्य में भी इसी तरह से अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रोफेसर मुकेश यादव ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा इस प्रकार के युवा महोत्सव विद्यार्थियों में छिपी हुई प्रतिभा को बाहर लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। प्रो. यादव ने कहा कि केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सर्वांगीण विकास के लिए छात्रों को सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करता है। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के छात्रों ने गायन, नृत्य, नाट्य, फाइन आर्ट्स और साहित्यिक विधाओं सहित अनेक प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कई पुरस्कार अपने नाम किए। छात्रों ने बताया कि यह महोत्सव उनके लिए केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने और अन्य संस्थानों के छात्रों से सीखने का एक बेहतरीन मंच था। इस अवसर पर प्रो. वेदप्रकाश, प्रो. अमित कुमार, प्रोफेसर रचना शर्मा, मनीष घणघस, मनोज धारीवाल, फूल कुमार, महेश शर्मा, मनोज, पवन चौहान, रविन्द्र धायल, गौरव और सीता आदि मौजूद रहे।

