भिवानी जेल में 2 बंदियों में झगड़ा

 
भिवानी जेल में 2 बंदियों में झगड़ा

भिवानी 

जेल में मंगलवार को दो बंदियों के बीच आपसी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया। इस दौरान एक बंदी ने दूसरे पर पत्थर से हमला कर दिया और थप्पड़-मुक्के मारे।

जेल कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। घायल बंदी को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 चरखी दादरी जिले के गांव छप्पार निवासी प्रदीप उर्फ केटटी ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 2018 के एक केस में भिवानी जेल में बंद है।

मंगलवार को करीब साढ़े 11 बजे उसके केस की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) थी, जिसके लिए वह वीसी रूम में गया था। इसी दौरान भिवानी के लोहारू निवासी, वर्तमान में झज्जर जिले के गांव सुंदरहेटी का रहने वाला राकेश वहां पहुंचा और अचानक उस पर पत्थर से हमला कर दिया।

 प्रदीप ने बताया कि राकेश ने उसके सिर और कंधे पर पत्थर से वार किया और थप्पड़-मुक्के भी मारे। वीसी रूम में मौजूद जेल कर्मचारियों ने दोनों को अलग किया और घायल को तुरंत नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू कर दिया है। प्रदीप ने आरोप लगाया कि राकेश ने उसे दोबारा जान से मारने की धमकी भी दी है।

सदर थाना के जांच अधिकारी एएसआई राजीव ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए।

बयानों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बंदियों के बीच पहले भी झगड़ा हो चुका है और पुरानी रंजिश के चलते यह वारदात हुई है।

एएसआई राजीव ने बताया कि आरोपी राकेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जाएगा और पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।