हिसार से चंडीगढ़ के लिए पहली फ्लाइट कल

हिसार से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट कल यानी 9 जून से शुरू होने वाली है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अलायंस एयर की एटीआर-72 सीटर फ्लाइट को हफ्ते में 2 दिन उड़ान भरने के लिए स्लॉट भी जारी कर दिया है।
हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर इसके लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें हरियाणा के पहले एयरपोर्ट से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद हरी झंडी दिखाएंगे। इसी के साथ लोग अब केवल 1 घंटे में हिसार से चंडीगढ़ की यात्रा कर सकेंगे।
तय शेड्यूल के मुताबिक, चंडीगढ़ से हिसार की पहली फ्लाइट सोमवार दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर रवाना होगी और शाम 4 बजकर 30 मिनट पर हिसार पहुंचेगी। वहीं, वापसी की फ्लाइट हिसार से शाम 4 बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरेगी और शाम 5 बजकर 55 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचेगी।
चंडीगढ़ से हिसार की उड़ान का समय करीब 1 घंटा 10 मिनट और हिसार से चंडीगढ़ की उड़ान लगभग 1 घंटा रहेगा। अलायंस एयर इस मार्ग पर फ्लेक्सी किराया मॉडल के तहत बुकिंग कर रही है, जिसमें किराया 1449 रुपए से 1704 रुपए के बीच तय किया गया है।
हिसार से चंडीगढ़ की दूरी करीब 252 किमी है। सड़क के रास्ते चंडीगढ़ पहुंचने में जहां करीब 4 घंटे लगते हैं। वहीं, ट्रेन से यह सफर 7 घंटे का हो जाता है। हालांकि, अब हवाई मार्ग से यह समय काफी कम हो जाएगा। फ्लाइट से लगभग एक घंटा में ही यात्री चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे।
हरियाणा के राज्य बनने के 59 साल बाद हिसार से चंडीगढ़ सीधी रेल सेवा शुरू हुई थी। करीब 22 दिन पहले हिसार के रायपुर स्टेशन से इसकी शुरुआत की गई। इससे पहले चंडीगढ़ जाने के लिए लोग बसों व प्राइवेट वाहनों का सहारा लेते थे। इससे सफर महंगा पड़ता था।
सड़क मार्ग से जुड़ा होने के बावजूद ट्रेन चलाने के लिए लंबे समय से नेता, व्यापारी, रेल एसोसिएशन सहित आमजन मांग उठा रहे थे। हिसार के रायपुर स्टेशन से देर रात करीब 2:25 से ट्रेन चंडीगढ़ के लिए चलती है, जो सुबह करीब 9 बजे चंडीगढ़ पहुंचती है।