भिवानी में पांच दिवसीय राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 26 से 

 
भिवानी में पांच दिवसीय राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 26 से 

भिवानी :

मिनी क्यूबा के नाम से विख्यात भिवानी एक बार फिर राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार है। स्थानीय भीम स्टेडियम में आगामी 26 से 30 नवंबर तक 5 दिवसीय राष्ट्रीय एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा शारीरिक शिक्षक एसोसिएशन के जिला प्रधान कुलदीप महला ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 व अंडर-19 आयु वर्ग के लडक़े व लड़कियां विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भाग लेंगे।

प्रतियोगिता के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए, सोमवार को भिवानी की जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने भीम स्टेडियम का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने खेल मैदान की व्यवस्था, खिलाडिय़ों के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया।

इस मौके पर डीईओ निर्मल दहिया ने कहा कि भिवानी को खेलों का केंद्र माना जाता है और हमें राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि खिलाडिय़ों के लिए उत्कृष्ट खेल मैदान, स्वच्छ आवास और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग और अन्य सहयोगी टीमें लगातार काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में किसी प्रकार की कमी ना रहने दे।

निरीक्षण के दौरान डीईओ निर्मल दहिया के साथ खेल संयोजक सत्यवान कोच, देवेंद्र अत्री, प्रीतपाल डीपीई, एईओ श्रीभगवान, एईईओ डा. अनिल कुमार व हरियाणा शारीरिक शिक्षक एसोसिएशन के जिला प्रधान कुलदीप महला सहित आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।