चरखी दादरी में HKRN भर्ती में फर्जीवाड़ा, युवक ने 10वीं की मार्कशीट से उम्र घटाकर पाई नौकरी 

 
 
चरखी दादरी में HKRN भर्ती में फर्जीवाड़ा, युवक ने 10वीं की मार्कशीट से उम्र घटाकर पाई नौकरी 

चरखी दादरी में 10वीं की मार्कशीट में गलत उम्र दर्ज करवाकर युवक ने एचकेआरएन में नौकरी पाली। आरोप है कि युवक की असली जन्मतिथि 2 जनवरी 1977 है।

जबकि उसने 6 साल कम करवाकर 1983 करवा ली।

इस मामले का खुलासा गांव के ही एक व्यक्ति ने आरटीआई से जानकारी जुटाकर किया। उसकी शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

6 साल कम करवाई उम्र

बाढड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव कादमा के रहने वाले यशवंत शर्मा ने बताया कि उनके गांव के गोविंद शर्मा की असल जन्मतिथि 2 जनवरी 1977 है। जबकि उसने फर्जी तरीके से प्रमाण पत्र बनवाकर इसे 1 मई 1983 करवा लिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने कक्षा 1 से 5 तक राजकीय प्राथमिक पाठशाला से पढ़ाई की। जिसमें उसकी जन्मतिथि 2 जनवरी 1977 है। जो जुलाई 1982 में हुए दाखिले में दर्ज है। उसने 9वीं कक्षा की पढाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कादमा से की है। मई 1992 में हुए दाखिला में भी उसकी जन्मतिथि 1977 है।

जबकि उसने 10वीं कक्षा 2002 में हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड भिवानी से ओपन से पास की है। जिसमें उसकी जन्मतिथि 1 मई 1983 दर्ज है, जो सरासर गलत है। 10 वीं कक्षा में भरे गये आवेदन पत्र में जन्मतिथि 1997 की जगह 1983 का फर्जी दस्तावेज लगाया है।

एचकेआरएन में पाई नौकरी

शिकायतकर्ता यशवंत ने बताया कि गोविंद वर्तमान में एचकेआरएन के तहत जल सेवाएं अभियांत्रिकी मंडल सब डिवीजन महेन्द्रगढ़ में बतौर हेल्पर के पद पर नियुक्त है। उसने यह नौकरी फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर पाई है।

शिकायतकर्ता ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जिसके आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 420, 467, 468,471 के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।