Haryana Gangster News: रेड कॉर्नर नोटिस वाला कुख्यात हिमांशु भाऊ गिरफ्तार, प्रत्यर्पण के लिए भारतीय एजेंसियां सक्रिय

भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में एफबीआई (FBI) ने गिरफ्तार कर लिया है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का विरोधी है और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

 
Lawrence Bishnoi rival arrested

भारत में हत्या, रंगदारी और संगठित अपराध के कई संगीन मामलों में मोस्ट-वांटेड चल रहे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने गिरफ्तार कर लिया है। हिमांशु भाऊ जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का धुर विरोधी माना जाता है और वह लंबे समय से दिल्ली तथा हरियाणा पुलिस कीमोस्ट वांटेड सूची में शीर्ष पर था। उसके खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था, जिसके बाद अब भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उसकी कस्टडी और भारत प्रत्यर्पण के लिए अमेरिकी अधिकारियों के साथ संपर्क साध रही हैं।

🔫 एल्विश यादव के घर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी: फर्जी पासपोर्ट बनवाकर पुर्तगाल से चला रहा था आपराधिक सिंडिकेट

हिमांशु भाऊ पर हत्या, अपहरण, जबरन वसूली और दिल्ली-हरियाणा से लेकर यूपी तक फैले अपराध के दर्जनों मामले दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि इसी के गैंग ने सोशल मीडिया स्टार एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली थी। पुलिस जांच के अनुसार, हिमांशु ने देश छोड़ने के लिए फर्जी दस्तावेजों के सहारे पासपोर्ट बनवाया था और पुर्तगाल में छिपकर अपना नेटवर्क चला रहा था। वह नीरज बवानिया और नवीन बाली गैंग के साथ मिलकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को टक्कर दे रहा था।