भिवानी लघु सचिवालय में गंदगी का अंबार
भिवानी:
भिवानी जिले का प्रशासनिक केंद्र स्थानीय लघु सचिवालय इन दिनों बदहाली के आंसू रो रहा है। जहां से पूरे जिले की व्यवस्थाएं संचालित होती हैं, वहीं अब गंदगी और रखरखाव की कमी के चलते अव्यवस्था का बोलबाला है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर पूर्व जिला पार्षद ईश्वर सिंह मान ने सोमवार को समाधान शिविर में उपायुक्त को पत्र सौंपकर कड़ा रोष प्रकट किया है।
पूर्व पार्षद ईश्वर मान ने समाधान शिविर में शिकायत सौंपते हुए बताया कि लघु सचिवालय में उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, एसडीएम, एसपी और डीडीपीओ जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय हैं। यहां रोजाना जिले भर से हजारों नागरिक अपने कार्यों के लिए आते हैं। मान ने कहा कि सचिवालय में काफी दिनों से सफाई नहीं हुई है।
कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। न्यायपालिका परिसर और वकीलों के चैंबरों के आसपास भी हालात खराब हैं। ऐसे में आम जनता और कर्मचारियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
सफाई के अलावा मान ने सचिवालय परिसर में स्थित सरकारी संपत्ति के नुकसान की ओर भी ध्यान दिलाया है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त कार्यालय के पीछे लगे तीन बड़े जनरेटरों में पेड़-पौधे उग आए हैं।
यदि समय रहते इनकी सफाई और देखभाल नहीं की गई, तो ये कीमती मशीनें खराब हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री दफ्तर के पास लगा एक अन्य जनरेटर लगने के बाद से कभी इस्तेमाल ही नहीं किया गया।
उचित रख-रखाव के अभाव में यह कबाड़ में तब्दील होने की कगार पर है।
ईश्वर सिंह मान ने प्रशासन से मांग की है कि लघु सचिवालय की गरिमा को ध्यान में रखते हुए यहां प्रतिदिन गहन सफाई अभियान चलाया जाए और बंद पड़े जनरेटरों की तुरंत मरम्मत व सर्विस करवाई जाए ताकि सरकारी धन की बर्बादी को रोका जा सके।

