हरियाणा के 8 जिलों में बारिश,नूंह में घर गिरा, लड़की की मौत

हरियाणा के 8 जिलों में सोमवार को बारिश हो रही है। इनमें पानीपत, अंबाला, यमुनानगर, भिवानी, हांसी (हिसार), गुरुग्राम, झज्जर और चरखी दादरी शामिल हैं।
करनाल और जींद में बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के चंडीगढ़ सेंटर ने 12 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सोनीपत, जींद और फतेहाबाद शामिल हैं।
वहीं नूंह में बीती रात एक घर गिर गया। जिसके नीचे दबकर 13 साल की लड़की की मौत हो गई जबकि 6 लोग गंभीर घायल हो गए। इनमें 5 और 3 साल के बच्चों की हालत गंभीर होने की वजह से रोहतक PGI रेफर किया गया है।
इसी तरह यमुनानगर में रविवार देर रात हुई बारिश के कारण नाले ओवरफ्लो हो गए। जिससे पानी सरस्वती शुगर मिल में घुस गया। गोदाम में रखी 80 हजार क्विंटल से अधिक चीनी और मशीनें खराब हो गई।
बारिश से अब तक प्रदेश में यह चौथी मौत है। इससे पहले कुरुक्षेत्र में छत गिरने से महिला, पंचकूला में बरसाती नाले में बहने से 9 साल की लड़की और फरीदाबाद में करंट से महिला की मौत हो चुकी है।