Gold Silver Price Hike: सोना ₹1.64 लाख और चांदी ₹3 लाख के पार; इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ते ही बाजार में आया भूचाल
सोने-चांदी की कीमतों ने तोड़े सभी रिकॉर्ड! सरकार द्वारा इंपोर्ट ड्यूटी 15% करने के बाद MCX पर सोना ₹11,000 महंगा हुआ, चांदी ₹3 लाख के पार। जानें क्या अब आएगी गिरावट?
जहां एक ओर गिरते रुपए को थामने के लिए सरकार ने इंपोर्ट ड्यूटी में इजाफा किया. वहीं दूसरी ओर इंटरनेशनल मार्केट में डॉलर इंडेक्स में गिरावट भी देखने को मिली. जिसका फायदा सोने और चांदी की कीमतों में देखने को मिला. आंकड़ों को देखें तो देश के वायदा बाजार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जहां सोने की कीमत में 11 हजार रुपए प्रति दस ग्राम का इजाफा देखने को मिला. वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमत एक बार फिर से 3 लाख रुपए को पार कर गई. जानकारों की मानें तो वायदा बाजार में सोना और चांदी इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद अपने दाम को एडजस्ट करने में जुट गए हैं.
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि जिस मकसद से सरकार ने इंपोर्ट ड्यूटी में इजाफा किया है क्या वो पूरा होगा. सोने की डिमांड में कमी देखने को मिलेगी? क्या गोल्ड का इंपोर्ट कम होगा? अगर ऐसा हुआ तो अगले कुछ दिनों में बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश के वायदा बाजार में सोने और चांदी के दाम किस लेवल पर कारोबार कर रहे हैं.
सोने की कीमत में जबरदस्त इजाफा
देश के वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने की कीमत में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. कारोबारी सत्र के दौरान सोने के दाम में 11 हजार रुपए प्रति दस ग्राम से ज्यादा की तेजी देखने को मिली. आंकड़ों को देखें तो सुबह 9 बजकर 35 मिनट में सोने की कीमत में 8300 रुपए की तेजी देखने को मिल रही थी और दाम 161742 रुपए प्रति दस ग्राम हो गए थे. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान सोना 11055 रुपए की तेजी के साथ 164497 रुपए पर आ गए थे, जोकि दिन का हाई भी है. वैसे सोना 154851 रुपए पर ओपन हुआ था. जबकि एक दिन पहले सोने के दाम 153442 रुपए पर बंद हुए थे.
चांदी के दाम 3 लाख के पार
वहीं दूसरी ओर देश के वायदा बाजार मल्टी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी में भी जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है. कारोबारी सत्र के दौरान चांदी के दाम 3 लाख रुपए के पार दिखाई दिए. आंकड़ों को देखें तो चांदी के दाम कारोबारी सत्र के दौरान 22,367 रुपए की तेजी के साथ 301429 रुपए प्रति किलोग्राम पर दिखाई दिए. जोकि बुधवार का पीक है. वैसे चांदी के दाम सुबह तेजी के साथ 290224 रुपए पर ओपन हुए थे. जबकि एक दिन पहले 279062 रुपए पर बंद हुए थे. वैसे सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर चांदी के दाम 17535 रुपए की तेजी के साथ 296597 रुपए पर कारोबार कर रहा है.
इस वजह से हुआ इजाफा
भारत सरकार ने सोने और चांदी पर इंपोर्ट टैरिफ 6 फीसदी से बढ़ाकर 15% कर दिया है. इसमें 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) शामिल है. ग्लोबल बुलियन कीमतों को अमेरिका-ईरान युद्ध को लेकर अनिश्चितता, अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों में स्थिरता और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती में संभावित देरी से समर्थन मिल रहा है. ये फैक्टर कीमती धातुओं को ‘सेफ-हेवन’ (सुरक्षित निवेश) संपत्ति के रूप में मांग को बढ़ाते हैं. सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के सरकार के फैसले से आयात में कमी आने, व्यापार घाटे को कम करने में मदद मिलने और भारतीय रुपये को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जो कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण दबाव में था. सरकरी सर्कुलर के अनुसार, सोने और चांदी के आयात की कई श्रेणियों पर बेसिक कस्टम ड्यूटी 5 फीसदी से बढ़ाकर 10% कर दी गई है, जबकि 5% का एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) जारी है, जिससे कुल प्रभावी इंपोर्ट टैक्स 15% हो गया है.
इंटरनेशनल मार्केट में सस्ता हुआ सोना चांदी
इंटरनेशनल मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है.US-ईरान युद्ध से जुड़ी अनिश्चितता और उम्मीद से ज़्यादा मज़बूत US महंगाई के आंकड़ों ने फ़ेडरल रिज़र्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को कम कर दिया. स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.4% गिरकर 4,695.99 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि जून डिलीवरी के लिए US गोल्ड फ़्यूचर्स 0.4% बढ़कर 4,705.30 डॉलर पर पहुंच गए. स्पॉट सिल्वर 0.2% बढ़कर 86.71 डॉलर प्रति औंस हो गया. वहीं फ्यूचर सिल्वर के दाम में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है और दाम 87.40 डॉलर प्रति ओंस हो गए हैं.
अब आगे क्या?
कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के अनुसार कस्टम ड्यूटी बढ़ने के बाद सोने और चांदी के दाम को सपोर्ट मिला है. दोनों ही मेटल्स अपनी कीमतों में ड्यूटी के साथ एडजस्ट करेंगी. इसका मतलब है कि अगले कुछ घंटों या कारोबारी दिनों में पता चलेगा कि सोने की डिमांड में कमी आएगी या नहीं. उन्होंने कहा कि सरकार ने इंपोर्ट कम करने के लिए ड्यूटी में इजाफा किया है. ड्यूटी में इजाफा करने के बाद कीमतों में तेजी जरूरी आई है, लेकिन ये ज्यादा समय के लिए नहीं है. अगले कुछ दिनों में इसमें भारी गिरावट देखने को मिल सकती है. कमी कितनी आएगी, इसके लिए थोड़ा इंतजार करने की जरुरत है.

