Gold Silver Price Today: दिल्ली में सस्ता हुआ सोना-चांदी, जानें 10 ग्राम गोल्ड के लेटेस्ट रेट
ग्लोबल उठापटक के बीच दिल्ली में सोना और चांदी ₹1800 तक सस्ते हुए। जानें MCX पर वायदा भाव और क्यों सरकार ने कीमती धातुओं के आयात पर लगाई रोक।
मिडिल ईस्ट के टेंशन और ट्रंप की बेतुका बयानबाजी से ग्लोबल इकोनॉमी में उठापटक जारी है. हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज जहां रुपये में 33 पैसे की तेजी आई है. शेयर बाजार ऊपर नीचे जा रहा है. उसी बीच देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी के भाव कम हो गए हैं. दिल्ली में सोना और चांदी दोनों सस्ता हो गया है. आइए आपको इनके लेटेस्ट रेट्स के बारे में बताते हैं.
गुड रिटर्न्स के डेटा के मुताबिक, दिल्ली में आज 10 ग्राम सोने के भाव में करीब 18,00 रुपये की गिरावट आई है. वहीं, दूसरी ओर चांदी के दाम भी करीब-करीब 18,00 रुपये प्रति किलोग्राम कम हुए हैं. इसके अलावा एमसीएक्स, वायदा बाजार में भी गोल्ड-सिल्वर के रेट में दबाव देखा जा रहा है.
एमसीएक्स पर भाव
खबर लिखे जाने तक सुबह करीब 11 बजे तक एमसीक्स पर 5 जून 2026 को एक्सपायर होने वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट की वैल्यू करीब 250 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़कर 149930 रुपये थी. वहीं, अगर चांदी की बात करें तो 5 मई 2026 को एक्सपायर होने वाले चांदी के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत भी बढ़ी है. वायदा बाजार में चांदी सुबह 11 बजे 232660 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी.
गोल्ड इंपोर्ट में 29 फीसदी की बढ़ोतरी
वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कीमती धातुओं की बढ़ी हुई कीमतों के कारण अप्रैल-फरवरी 2025-26 के दौरान देश का सोने का आयात 28.73 प्रतिशत बढ़कर 69 अरब डॉलर हो गया है. वित्त वर्ष 2024-25 की इसी अवधि में सोने का आयात 53.52 अरब डॉलर था. आंकड़ों के मुताबिक, सोने के आयात में इस बढ़ोतरी से देश के आयात और निर्यात के बीच का अंतर बढ़कर 310.60 अरब डॉलर हो गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 261.80 अरब डॉलर था. राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत इस समय लगभग 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) के आसपास है.
चांदी के दाम और इंपोर्ट में भी बढ़ोतरी
इन 11 महीनों के दौरान चांदी का आयात 142.87 प्रतिशत बढ़कर 11.43 अरब डॉलर हो गया. चांदी का इस्तेमाल उद्योगों में भी होता है. इसका उपयोग इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और दवा (फार्मा) जैसे क्षेत्रों में किया जाता है. आयात को कम करने के लिए सरकार ने पिछले हफ्ते सोने, चांदी और प्लैटिनम से बनी सभी तरह की चीजों के आयात पर रोक लगा दी है.

