Sirsa Development News 2026: गोपाल कांडा ने की CM नायब सिंह सैनी से मुलाकात: सिरसा के विकास कार्यों व जनसमस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में हो रहा विकास : गोपाल कांडा
पूर्व मंत्री एवं हलोपा सुप्रीमो ने संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री से की मुलाकात
सिरसा के विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पूर्व मंत्री एवं हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सिरसा के विकास कार्यों, स्थानीय जनसमस्याओं, नगर परिषद के उपप्रधान पद के चुनाव सहित विभिन्न राजनीतिक और प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद गोपाल कांडा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को सिरसा में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और कुछ परियोजनाओं में आ रही बाधाओं से अवगत करवाया। उन्होंने विशेष रूप से विकास कार्यों की धीमी गति, ठेकेदारों की मनमानी और अधिकारियों की कमी के कारण परियोजनाओं के प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सिरसा की जनता से जुड़े विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करवाना जरूरी है, ताकि लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
गोपाल कांडा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इन विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित उच्च अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने और जनहित से जुड़े मामलों का उचित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पूर्व मंत्री ने सिरसा में स्टॉर्म वाटर परियोजना की धीमी गति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए इस परियोजना का समय पर पूरा होना बेहद जरूरी है। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी गई।
कांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं सिरसा में शिकायत निवारण समिति की बैठक लेने पहुंचते हैं और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं। इससे शहरवासियों में यह विश्वास मजबूत हुआ है कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होगा।
बैठक में नगर परिषद के उपप्रधान पद के चुनाव सहित अन्य स्थानीय विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। गोपाल कांडा ने कहा कि सिरसा के विकास को लेकर मुख्यमंत्री का रुख पूरी तरह सकारात्मक है। वे प्रदेश के किसी एक क्षेत्र तक सीमित न रहकर हरियाणा के सभी जिलों और क्षेत्रों के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के कोने-कोने में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करते हैं, उनकी समस्याएं सुनते हैं और अधिकारियों को समाधान के निर्देश देते हैं। उनकी कार्यशैली में जनसंवाद और जनसमस्याओं के समाधान को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
गोपाल कांडा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सिरसा के आगामी दौरे के दौरान वहां के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करने की बात कही है। इस दौरान लंबित परियोजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता और प्रशासनिक स्तर पर आ रही बाधाओं का जायजा लिया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप और अधिकारियों को दिए गए निर्देशों से सिरसा में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सकारात्मक दृष्टिकोण और विकास के प्रति प्रतिबद्धता पूरे हरियाणा के लिए लाभकारी साबित हो रही है।