सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत : आरती राव 

 
सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत : आरती राव 

भिवानी।

 हरियाणा सरकार की “स्वस्थ गांव, सशक्त समाज” की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए  भिवानी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 13 जुलाई को जिला भिवानी के गांव चंदावास, भेरा, खानक, इंदीवाली, मंढाना और मंढान में 6 नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों की शिलान्यास किया गया था, इन भवनों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इन भवनों के निर्माण कार्य के लिए टेंडर अलॉट कर दिए गए हैं।

 इन भवनों का निर्माण तीन करोड़ 33 लाख की लागत से निर्माण कार्य जिला परिषद द्वारा शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द ग्रामीण जनता को इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। 

ये जानकारी देते हुए प्रदेश कि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी नागरिक को प्राथमिक चिकित्सा या मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। नए उप-स्वास्थ्य केंद्र इस दिशा में एक मजबूत आधारशिला साबित होंगे।”

मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। उन्होंने बताया कि इन उप-स्वास्थ्य केंद्रों में न केवल सामान्य बीमारियों का उपचार होगा, बल्कि नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल, नवजात और शिशुओं की स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी परामर्श, योगा और अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही यहां पर आवश्यकतानुसार छोटी आपातकालीन सेवाएं और प्राथमिक उपचार सुविधाएं भी दी जाएंगी।

आरती सिंह राव ने कहा, “ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण और समय पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं जीवनरक्षक सिद्ध हो सकती हैं। इन केंद्रों के बन जाने से लोगों को जिला अस्पतालों या दूरस्थ चिकित्सा संस्थानों तक जाने में लगने वाले समय और धन की बचत होगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में समानता आएगी और ग्रामीण स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार होगा।”
उन्होंने बताया  कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ-साथ मानव संसाधन को भी सुदृढ़ कर रही है। नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों में सी एच ओ,एएनएम, एमपीएचडब्लू मेल,आशा वर्कर्स और अन्य आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी, ताकि सेवाएं लगातार और प्रभावी ढंग से प्रदान की जा सकें।

उन्होंने कहा कि राज्य में चल रही ‘स्वस्थ गांव, सशक्त समाज’ योजना के अंतर्गत न केवल नए भवन बनाए जा रहे हैं, बल्कि पुराने स्वास्थ्य केंद्रों के नवीनीकरण और उपकरणों के आधुनिकीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, टेलीमेडिसिन सेवाएं और मोबाइल मेडिकल यूनिट्स जैसी सुविधाओं को भी धीरे-धीरे ग्रामीण क्षेत्रों में लागू किया जा रहा है।
    उन्होंने कहा कि इससे गांव के लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सुरक्षा का अनुभव होगा।हरियाणा सरकार का लक्ष्य है कि “स्वस्थ नागरिक, सशक्त समाज” का सपना जल्द से जल्द साकार हो। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि अगले वर्ष से ही ग्रामीण जनता इन सेवाओं का लाभ उठा सके।