ग्राम स्वराज किसान मोर्चा ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा 

 
ग्राम स्वराज किसान मोर्चा ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा 

भिवानी:

हरियाणा के भिवानी जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर ग्राम स्वराज किसान मोर्चा ने हुंकार भरी है। सोमवार को मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र तालू के नेतृत्व में किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। इन ज्ञापनों में अनाज मंडियों में फसल खरीद की नई पेचीदा शर्तों को हटाने और हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के उचित मुआवजे की मांग की गई है। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला उपप्रधान रामबीर फौजी, अधिवक्ता जयपाल जागलान ने किया तथा संचालन मा. रघुबीर सिंह भेरा एवं जगबीर सिंह अलखपुरा ने किया।
     ज्ञापन सौंपने के बाद मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र तालू ने सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ तो डिजिटल इंडिया का दम भरती है, लेकिन दूसरी तरफ अनाज मंडियों में बायोमेट्रिक हाजिरी और ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट अपलोड करने जैसी अव्यावहारिक शर्तें थोपकर अन्नदाता को मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रही है। एक साधारण किसान, जो दिन-रात खेत में पसीना बहाता है, उसे अब मंडियों में लाइनों में लगकर अपनी पहचान साबित करनी पड़ रही है। यह सीधे तौर पर फसल खरीद प्रक्रिया को बाधित करने की साजिश है।
     अनाज मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपते हुए तालु ने कहा कि सरकार ने ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट, किसान की बायोमेट्रिक हाजिरी और बिक्री के लिए दो गवाहों की जो अनिवार्य शर्तें रखी हैं, वे पूरी तरह से अनुचित हैं। उन्होंने कहा कि इन शर्तों के कारण मंडियों में लंबी लाइनें लग रही हैं, जिससे किसानों के साथ-साथ आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोर्चा ने मांग की है कि इन अनाप-शनाप शर्तों को तुरंत हटाया जाए और किसानों की पूरी फसल रूस्क्क (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर खरीदी जाए।
    वही एसडीएम में सौंपे ज्ञापन में तोशाम और भिवानी क्षेत्र में हुई बेमौसमी बारिश व ओलावृष्टि का मुद्दा उठाया गया। तालु ने कहा कि मार्च के अंतिम सप्ताह और अप्रैल की शुरुआत में हुई बारिश ने तैयार खड़ी गेहूं और सरसों की फसल क भारी नुकसान पहुंचाया है। जोगेंद्र तालू ने मांग की है कि सरकार तुरंत विशेष गिरदावरी (फसल आकलन) के आदेश दे और प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ उचित आर्थिक सहायता प्रदान करे।
     इस अवसर पर राजपाल सिंह चाहर, युवा प्रदेश अध्यक्ष युद्धवीर सिंह खरेटा जिला युवा प्रधान भागू राम, ईश्वर बागनवाला, वजीर सिंह, कृष्ण नंबरदार, पप्पू नंबरदार, कौर सिंह नंबरदार, अजय श्योराण, वेद धनाना, राज सिंह, मुकेश सहित मोर्चा के अन्य सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही इन जटिल शर्तों को वापस नहीं लिया और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो ग्राम स्वराज किसान मोर्चा पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।