भिवानी में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भव्य प्रभात फेरी

 
भिवानी में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भव्य प्रभात फेरी

भिवानी :

सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु, गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर बुधवार को भिवानी शहर में अपार श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य प्रभात फेरी निकाली गई।

प्रभात फेरी ने शहर के वातावरण को सत नाम श्री वाहेगुरु के पवित्र नाम-सिमरन और गुरुबाणी के कीर्तन से सराबोर कर दिया, साथ ही संगत को सेवा, प्रेम और सद्भाव का प्रेरणादायक संदेश दिया। प्रभात फेरी का शुभारंभ स्थानीय रामगंज महोल्ला स्थित श्रीमती देवी भाई आश्रम से हुआ। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और पूरे रास्ते सत नाम श्री वाहेगुरु का निरंतर जाप किया, जिससे शहर की मुख्य सडक़ें भक्तिमय हो गईं।

पूरी प्रभात फेरी के दौरान गुरुबाणी का मधुर कीर्तन चलता रहा, जिसने वातावरण को और अधिक पावन बना दिया। ग्रंथि सिंह बलबीर जी ने संगत के लिए पवित्र अरदास करवाई और गुरु साहिब की बाणी का पाठ कर सभी को गहन आध्यात्मिक प्रेरणा प्रदान की। प्रभात फेरी का समापन पूर्व पार्षद प्रवीण चावला एवं पूर्व पार्षद विनोद चावला के निवास पर हुआ, जहां संगत का अत्यंत आदर-सत्कार और स्वागत किया गया।

इस मौके पर देवी भाई आश्रम के प्रधान आशु कामरा ने कहा कि गुरु नानक देव का संदेश केवल धर्म का मार्ग नहीं है, बल्कि यह मानवता, प्रेम, सत्य और सेवा का प्रकाशस्तंभ है। आज के समाज को सबसे अधिक जरूरत आपसी भाईचारे, करुणा और निस्वार्थ सेवा की है। ग्रंथि बलबीर सिंह ने गुरु साहिब की शिक्षाओं को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने हमें नाम जपने, ईमानदार मेहनत करने (किरत करनी) और बांटकर खाने (वंड छकना) की राह दिखाई। यही जीवन का सच्चा धर्म और सच्चा मार्ग है।

इस अवसर पर कैलाश खुराना, उषा खुराना, सोनिया वधवा, धर्मदेव खुराना, अंकित गेरा, राम नागपाल सहित भिवानी के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर गुरु घर की इस सेवा में हिस्सा लिया और प्रकाश पर्व की खुशियां मनाईं।