सद्भावना यात्रा का धनाना पहुंचने पर भव्य स्वागत 

 
सद्भावना यात्रा का धनाना पहुंचने पर भव्य स्वागत 

भिवानी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह और उनके पुत्र पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह, इन दिनों प्रदेश में सद्भावना यात्रा के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दे रहे हैं।

इस यात्रा का आगाज़ दनौदा के ऐतिहासिक चबूतरे से किया गया था, और उसी क्रम में आज यात्रा गांव धनाना पहुँची। गाँव में पहुंचते ही ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ दोनों नेताओं का भव्य, गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्व. जयवीर सिंह गब्बू के पुत्र दुष्यंत  द्वारा स्वागत एवं लंच का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें पूरे धनाना गांव ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग इस अवसर पर मौजूद रहे और यात्रा में शामिल नेताओं व कार्यकर्ताओं का सत्कार किया।
कार्यक्रम के दौरान गांव वालों ने पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के विचार भी सुने। लोगों ने शांत, सौहार्दपूर्ण और एकजुट समाज की आवश्यकता पर उनके संदेशों का समर्थन किया।
अपने संबोधन में पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि सद्भावना यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के लोगों में आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल, विशेष रूप से बीजेपी, समाज में भेदभाव और नफरत की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा “आज अगर कोई समाज हित में आवाज उठाता है, तो सत्ता पक्ष उसे देशद्रोही ठहराने लगता है। किसान आंदोलन के समय ‘देशद्रोही’ और ‘विद्रोही’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। यहां तक कि राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर रोक लगाई गई और उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया। बीजेपी ने कभी समाज को जोड़ने की बात नहीं की, हमेशा तोड़ने की राजनीति की है।”
इस अवसर पर जाटू खाप 84 के प्रधान कैप्टन भीम सिंह ने परंपरागत रीति से पगड़ी पहनाकर पूर्व केंद्रीय मंत्री बिरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह का सम्मान किया। साथ ही यात्रा में शामिल सभी साथीगणों और मेहमानों को गांव की ओर से हार्दिक अभिनंदन और शुभकामनाएं दी गईं।
गांव के लोगों ने कहा कि सद्भावना यात्रा जैसे प्रयास समाज में प्रेम, शांति और एकजुटता का संदेश देते हैं, और ऐसे कार्यक्रम राजनीतिक द्वेष के माहौल में सकारात्मक ऊर्जा फैलाते हैं। धनाना में हुए इस स्वागत ने स्पष्ट कर दिया कि आम जनता ऐसे संवाद और सद्भाव आधारित अभियानों का दिल से समर्थन कर रही है।