भिवानी में दीपावली पर चला सकेंगे ग्रीन पटाखे

 
भिवानी में दीपावली पर चला सकेंगे ग्रीन पटाखे

भिवानी में दीपावली के त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने तैयारी की। एक तरफ प्रशासन ने ग्रीन पटाखे चलाने व बिक्री करने की शर्तों के साथ छूट दी है।

इसके तहत दीपावली व दीपावली से एक दिन पहले सुबह 6-7 बजे और शाम को 8-10 बजे तक ग्रीन पटाखे बजाय जा सकते हैं। वहीं लाइसेंस धारक व्यापारी ही ग्रीन पटाखे बेच सकते हैं।

वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने भी सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए हैं। जिसके तहत जिलेभर में नाकाबंदी की गई है। खासकर शहर में भीड़ को देखते हुए पुलिस कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई है। साथ ही संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जाएगी। जिससे कि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के चलते डीसी साहिल गुप्ता ने दिवाली के पर्व पर 18 से 20 अक्टूबर तक ग्रीन पटाखे चलाने व बिक्री पर छूट दी गई है। निर्धारित अवधि की उल्लंघना करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023, विस्फोटक अधिनियम 1884 और विस्फोटक नियम 2008 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जारी आदेशानुसार दिवाली से एक दिन पहले और दिवाली वाले दिन सुबह 6 बजे से 7 बजे तक और शाम 8 बजे से 10 बजे तक पटाखे चलाए जा सकते हैं। इस दौरान बिक्री केवल लाइसेंस प्राप्त व्यापारियों व लाइसेंस प्राप्त व्यापारियों द्वारा ही की जा सकेगी।

जिला के सभी एसडीएम, सभी उपमंडल के डीएसपी, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, फायर ऑफिसर, शहरी स्थानीय निकाय, पंचायत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।

एसपी के निर्देश पर पुलिस ने शहर भिवानी में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक 10 पुलिस नाके लगाए गए हैं। त्योहार पर आपराधिक तत्वों पर नजर रखने के लिए कुल 9 मचान बनाई है, जिन पर पुलिस कर्मचारियों को नियुक्त किया है। त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने व आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए जिले में 10 पैदल गश्त लगाई है। जो बर्तन बाजार, कपड़ा मार्केट, सर्राफा बाजार व मुख्य चौराहा पर लगातार गश्त करेंगे।

यातायात थाना प्रबंधक जिले में अपनी यातायात ड्यूटी लगाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाएंगे। आपराधिक प्रवृत्ति के अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए सीआईए स्टाफ प्रथम, सीआईए स्टाफ-2, डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू व स्पेशल स्टाफ ईशरवाल को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करें।