Mock Drill Air Raid Building Collapse SDRF News 2026: गुरुग्राम में सिविल डिफेंस की बड़ी मॉकड्रिल: एयररेड व इमारत ढहने के बाद राहत-बचाव का अभ्यास

गुरुग्राम में सिविल डिफेंस की आपातकालीन मॉकड्रिल; एयररेड, इमारत ढहने व बचाव तकनीकों का प्रदर्शन, SDRF व विभिन्न विभाग रहे शामिल।
 
collapse SDRF news

गुड़गांव: गुरुग्राम में आज सुबह करीब 11 बजे एयररेड होने के बाद एक इमारत ढह गई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सिविल डिफेंस की तरफ से गुरुवार को मॉकड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें आपातकालीन स्थिति से निपटने की सिविल डिफेंस टीम की तैयारियों का जायजा लिया गया। मॉकड्रिल में हवाई हमले की चेतावनी, भवन के हिस्से के ढहने, आग लगने, धुआं फैलने और लोगों के फंसे होने जैसी परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। इसमें जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड, NCC, आपदा मित्र और सिविल डिफेंस के जवानों एवं स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

🚒 मलबे और पहली मंजिल से रेस्क्यू; अग्निशमन व पुलिस की सक्रियता

मॉक ड्रिल के दौरान एयर रेड सायरन बजाकर अलर्ट जारी किया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद भवन के प्रभावित हिस्से में बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर यातायात एवं कानून व्यवस्था संभाली, जबकि अग्निशमन विभाग ने आग बुझाने और बचाव कार्य में सहयोग किया। SDRF की टीम ने मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया। दो लोगों को RCC स्लैब के नीचे से निकालने का अभ्यास किया गया, जबकि अन्य घायलों को विभिन्न मानव बचाव तकनीकों, स्ट्रेचर और फायरमैन लिफ्ट के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। पहली मंजिल पर फंसे दो स्वयंसेवकों को रस्सी और चेयर नॉट तकनीक से नीचे उतारने का प्रदर्शन भी किया गया।

🏥 मेडिकल सहायता, बिजली सुरक्षा और दोपहर 12 बजे ड्रिल का समापन

स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल सहायता केंद्र स्थापित कर घायलों की प्राथमिक जांच, श्रेणीवार पहचान (ट्रायेज), प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। ड्रिल में 14 घायल, 8 गंभीर घायल और 2 मृतकों की स्थिति दर्शाई गई। गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने, मृतकों को पुलिस की प्रक्रिया के तहत सौंपने, बिजली आपूर्ति बंद करने तथा बचाव कार्य के बाद सुरक्षा जांच कर बिजली बहाल करने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई। दोपहर 12 बजे ड्रिल समाप्त होने के बाद सभी विभागों ने अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर प्रतिक्रिया, संचार, समन्वय तथा बचाव व्यवस्था को मजबूत बनाने पर चर्चा की।

👥 विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्वयंसेवक रहे शामिल

ड्रिल में सिविल डिफेंस की डिप्टी कंट्रोलर सृष्टि, पुलिस टीम से हवलदार संजीव एवं अमरजीत, SDRF टीम से उप निरीक्षक कपिल, अग्निशमन विभाग से अग्रणी अग्निशमन कर्मी राजेश कुमार, होमगार्ड टीम से जिला कमांडेंट अशोक कुमार एवं प्लाटून कमांडर विशाल धनखड़, NCC से हवलदार सुंदर सिंह एवं हवलदार अमित कुमार, स्वास्थ्य विभाग से EMT संदीप नेहरा, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से परियोजना अधिकारी पूनम दहिया तथा सिविल डिफेंस प्रशिक्षक धीरज सहित विभिन्न विभागों के कर्मियों एवं स्वयंसेवकों ने भाग लिया।