वाराणसी से गुरुग्राम पहुंची संत रविदास पवित्र कलश यात्रा, शीतला माता मंदिर में स्थापित
वाराणसी से निकली संत रविदास जी की 650वीं जयंती की पवित्र कलश यात्रा गुरुग्राम पहुंची। शीतला माता मंदिर में पवित्र मिट्टी स्थापित की गई, जिसे 4 अगस्त को सीएम नायब सैनी प्रदेश के 27 जिलों के लिए रवाना करेंगे।
गुरुग्राम: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से निकाली गई पवित्र कलश यात्रा गुरुग्राम पहुंची. गुरुग्राम पहुंचने पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया. भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में सर्वसमाज का प्रतिनिधिमंडल गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से पवित्र कलश और पवित्र मिट्टी लेकर गुरुग्राम पहुंचा. इस दौरान पूरे शहर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला.
समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प: इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे का प्रतीक है. उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देती हैं. उन्होंने कहा कि 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही यह पवित्र कलश यात्रा समाज के हर वर्ग तक गुरु रविदास के विचारों को पहुंचाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी.
यात्रा मार्ग पर जगह-जगह हुआ स्वागत: गुरुग्राम पहुंचने के बाद पवित्र कलश यात्रा का एंबिएंस मॉल, शंकर चौक, सिग्नेचर टावर, राजीव चौक, सोहना चौक, प्रेम मंदिर, न्यू कॉलोनी मोड़, सेक्टर-4/7 सहित विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की, गुरु रविदास जी के जयघोष लगाए और भजन-कीर्तन के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया.
शीतला माता मंदिर में स्थापित किया गया पवित्र कलश: यात्रा के गुरुग्राम पहुंचने के बाद गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी और पवित्र कलश को माता शीतला देवी मंदिर में विधिवत स्थापित किया गया. श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
4 अगस्त को पूरे हरियाणा के लिए रवाना होगी पवित्र मिट्टी: 4 अगस्त को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता के करकमलों से ये पवित्र मिट्टी प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को सौंपी जाएगी. इसके बाद गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में इस पवित्र मिट्टी का उपयोग किया जाएगा, ताकि संत गुरु रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को पूरे हरियाणा में जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके.
ये लोग रहे मौजूद: यात्रा के स्वागत के दौरान हरियाणा के विकास एवं पंचायत और खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ और सोहना के विधायक तेजपाल तंवर मौजूद रहे.

