हरियाणा में भाजपा नेताओं को दिखने वाला विकास नहीं दिख रहा जमीनी स्तर पर : बृजेंद्र सिंह
भिवानी:
हरियाणा की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव की लहर पैदा करते हुए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस की सद्भाव यात्रा शनिवार को तोशाम कस्बा में दूसरे दिन भी विभिन्न गांवों में पहुंची।
यात्रा के दौरान पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने न केवल भाईचारे का संदेश दिया, बल्कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का भी पर्दाफाश करते हुए कांग्रेस के लिए चुनावी जमीन तैयार करने का संकेत दिया। सद्भाव यात्रा का काफिला शनिवार को तोशाम हल्के के जुई अनाज मंडी, गांव जुई, गोलागढ़, ढ़ाणी शंकर, ललहाना और लोहानी जैसे महत्वपूर्ण गांवों से गुजरा।
इस दौरान पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सद्भाव यात्रा का महत्व और उद्देश्य विस्तार से बताया।बृजेंद्र सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल और पूर्व मंत्री चौ. सुरेंद्र सिंह के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी, जो क्षेत्र की राजनीतिक विरासत के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
युवा शक्ति बदलाव की ओर के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद बृजेंद्र सिंह के प्रवक्ता, अशोक सिवाच ने बताया कि यह यात्रा प्रत्येक विधानसभा स्तर पर निकाली जा रही है और हर विधानसभा में दो दिन बिताए जा रहे हैं ताकि जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जा सके। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को भिवानी हल्का में यात्रा का आगाज होगा तथा 26 और 27 नवंबर को बाढड़ा हल्का में सद्भाव यात्रा पहुंचेगी।
इसके उपरांत 28 और 29 नवंबर को दादरी हल्का में पहुंचेंगी। इसके बाद यात्रा रोहतक जिले के कलानौर व महम, बरोदा, गोहाना होते हुए इशराना में दूसरे चरण का समापन होगा
यात्रा के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा केवल भाईचारे का संदेश देने तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा और कहा कि भाजपा शासनकाल में वोट चोरी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, अपराध सहित अनेक समस्याएं दिनोदिन बढ़ती जा रही है, लेकिन इसके बावजूद भी भाजपा नेताओं को हरियाणा में विकास नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि जो विकास भाजपा नेताओं को नजर आ रहा है, वह ना तो जमीनी स्तर पर कही दिखाई दे रहा है तथा ना ही आमजन के बीच।
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आज देश व प्रदेश में जाति व धर्म की आग इस कदर भडकाई है कि उस आग में आपसी भाईचारा व सहयोग जल रहा है। ऐसे में इस सद्भाव यात्रा का मुख्य उद्देश्य भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने के साथ-साथ भाजपा सरकार द्वारा खराब किए गए भाईचारे को फिर से स्थापित करना है।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच राजबीर सिंह, ओमबीर रंगा, बिजेंद्र सिंह, पूर्व सीएम चौ. बंसीलाल के भतीजे प्रधानाचार्य रविंद्र, स्व. चौ. बंसीलाल का पौत्र विकास, डा. प्रवीणा रापडिय़ा जुई, रमेश सरपंच प्रतिनिधि, रघुवीर फौजी, सूरत सिंह किसान नेता, भूपेंद्र रापडिय़ा, अधिवक्ता कुलदीप, कुलदीप बीडीसी, कुलदीप गोलागढ़, प्रताप सरपंच गिगनाऊ, जयप्रकाश कौशिक, रमेश यादव, ईश्वर सरपंच लोहानी, डा. अनिल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

