हरियाणा बीजेपी की विधायक दल की मीटिंग आज, CM सैनी करेंगे अध्यक्षता
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर भाजपा अपनी रणनीति तैयार करेगी। इसके लिए पार्टी ने आज विधायक दल की बैठक बुला ली है।
बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी, सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे।
बैठक में खास तौर पर यह मंथन होगा कि विधानसभा में विपक्ष के हमलों से कैसे निपटा जाए। भिवानी में मनीषा केस जैसे संवेदनशील मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश कर सकता है। ऐसे मामलों में सरकार कानून व्यवस्था और अन्य रणनीतियों पर प्लानिंग करेगी। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त से शुरू हो रहा है।
हरियाणा विधानसभा मानसून सेशन को लेकर 22 अगस्त को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की मीटिंग बुलाई गई है। सुबह 11:00 बजे विधानसभा सचिवालय में ये मीटिंग शुरू होगी। इस मीटिंग में सीएम नायब सैनी, स्पीकर हरविंदर कल्याण सहित बीएसी के मेंबर शामिल होंगे। इसमें तय होगा कि सेशन कितने दिन चलेगा। सदन में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस है, इसलिए कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा बीएसी की मीटिंग में शामिल होंगे। राज्य के नव नियुक्त राज्यपाल प्रो. असीम घोष 22 अगस्त को दोपहर दो बजे से विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत करेंगे। अभी तक विधानसभा के एक दिन में लंबे-लंबे सत्र चलते हैं, जिससे बाद वाले सत्रों की उपयोगिता पर इसलिए सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि उस समय विधायकों व अधिकारियों की कम उपलब्धता रह जाती है।
विधानसभा का मानसून सत्र 26 अगस्त तक चलने की संभावना है, लेकिन इसकी वास्तविक अवधि 22 अगस्त को सत्र से पहले होने वाली बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय होगी। 23 व 24 अगस्त को शनिवार व रविवार का अवकाश है। विपक्ष ने अगर दबाव बनाया तो सत्र की अवधि 27 अगस्त तक निर्धारित की जा सकती है।विधानसभा सचिवालय की ओर से विधायकों से पूछे जाने वाले सवाल मांग लिए गए हैं। सत्र में किस विधायक का सवाल पूछा जाएगा, इसके लिए लाटरी सिस्टम से नाम तय किए जाने बाकी हैं।

