हरियाणा में CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर, हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड

हरियाणा के करनाल में SP ने CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर और हेड कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया। इन दोनों ने महिला की हत्या के केस में आरोपियों का नाम निकलवाने के बदले 37 लाख रुपए लिए थे। यह रुपए किसी बिचौलिए के पास भी भिजवाए जा चुके थे।
मगर, इसकी शिकायत किसी आरोपी ने ही SP को कर दी। जिसके बाद DSP से इसकी जांच कराई गई। SP गंगाराम पूनिया ने केस दर्ज करवाने के बाद शुक्रवार को दोनों को सस्पेंड कर दिया।
करनाल के गांव मानपुरा 12 मार्च को एक महिला की हत्या हुई थी। साथ ही पति और बेटा भी घायल हुआ था। इस मामले में अब तक 9 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। आरोपियों में से ही किसी ने शिकायत की कि उनका नाम केस से निकलवाने के एवज में असंध के CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर मनदीप सिंह और हेड कॉन्स्टेबल ऋषि ने 37 लाख रुपए मांगे। यह रकम बिचौलिए के यहां पहुंचाई गई।
SP ने कहा कि DSP रैंक के अधिकारी इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जिन भी लोगों के बयान दर्ज करने हैं, वह प्रक्रिया इसी जांच अधिकारी की देखरेख में की जाएगी।
- महिला की हत्या हुई, पैसे मांगे, DSP से जांच कराई: मानपुरा गांव में मार्च के महीने में एक महिला की हत्या और 2 लोगों के घायल होने के संबंध में केस हुआ था। इसकी जांच चल रही थी। उस मामले में अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जांच के दौरान मुझे एक शिकायत प्राप्त हुई कि कुछ आरोपियों के नाम निकालने के एवज में पुलिस कर्मचारियों ने पैसे मांगे हैं। इसकी शुरुआती जांच एक DSP रैंक के अधिकारी से कराई गई।
- केस दर्ज कराया, DSP जांच कर रहे: प्रारंभिक जांच में यह मामला सही पाया गया। जिसके बाद पुलिस थाना मूनक में प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत 2 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। उसमें एक इंस्पेक्टर और एक हेड कॉन्स्टेबल है। दोनों को निलंबित कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएसपी रैंक के अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं।
- आरोपियों ने ही मुझे शिकायत दी: मुझे जो शिकायत मिली, उसमें ये आरोप लगाया गया कि नाम निकालने के एवज में पुलिस कर्मचारियों ने पैसों की मांग की। यह पैसे एक बीच के व्यक्ति के पास रखवाए गए हैं। उसी के आधार पर कार्रवाई की गई है। यह शिकायत आरोपियों में से ही किसी ने दी थी।
- पुलिस के आदमी के पास पैसे पहुंचाए गए, विस्तृत जांच कर रहे: शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 37 लाख मांगे गए हैं। वह पुलिस के आदमी के पास पहुंचा दिए गए हैं। उससे जुड़े सभी लोगों के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों फरार हैं। इसमें गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
बुलेट से पटाखे बजाने पर हुई थी फायरिंग 12 मार्च को करनाल के मानपुरा गांव में हथियारबंद बदमाशों ने एक परिवार पर फायरिंग कर दी थी। उस समय दलबीर अपनी पत्नी सुमित्रा और बेटे सचिन के साथ रात के खाने की तैयारी कर रहे थे। बदमाशों ने परिवार पर 8-9 राउंड फायरिंग की। सुमित्रा की मौके पर ही मौत हो गई। सचिन को प्राइवेट पार्ट, सीने और बाजू में गोलियां लगीं, जबकि दलबीर की 3 उंगलियां कट गईं और उनके बाजू व सिर पर भी गंभीर चोटें आईं।
पुलिस जांच में सामने आया था कि यह हमला एक साल पुरानी रंजिश का नतीजा था। सचिन के बुलेट बाइक से पटाखे बजाने से आरोपियों के परिवार के बुजुर्ग को परेशानी हुई थी। कई बार समझाने के बावजूद सचिन नहीं रुका, जिससे दोनों पक्षों में तनाव बढ़ता गया।