निकाय चुनाव परिणाम : जनता ने नकारा जातिवाद-परिवारवाद, नायब सरकार की नीतियों और सुशासन पर लगाई मुहर : शंकर धूपड़

हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत! प्रदेश प्रवक्ता शंकर धूपड़ ने कहा—जनता ने परिवारवाद को नकारा, तीनों मेयर भाजपा के होंगे। जानें जीत के मायने।

 
Rewari Sampla Dharuhera Election Results
भिवानी, 13 मई : हरियाणा में हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों के परिणामों ने प्रदेश की राजनीतिक दिशा स्पष्ट कर दी है। इन नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य एवं प्रदेश प्रवक्ता शंकर धूपड़ ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकासपरक नीतियों में जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। शंकर धूपड़ ने कहा कि निकाय चुनाव के परिणाम दर्शाते हैं कि आम जनता का भरोसा केंद्र और हरियाणा सरकार पर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता ने अब जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है। आज के परिणाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, पारदर्शिता और सुशासन की नीतियों पर जनता की स्पष्ट मुहर हैं। प्रदेश प्रवक्ता ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि हरियाणा के तीनों मेयर पदों पर भाजपा के उम्मीदवार काबिज होने जा रहे हैं। इसके साथ ही रेवाड़ी, सांपला और धारूहेड़ा में पार्टी को मिली प्रचंड जीत यह साबित करती है कि भाजपा का आधार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बेहद मजबूत हुआ है। इन क्षेत्रों में बड़े मार्जिन से मिली जीत कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता है। विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए धूपड़ ने कहा कि जनता अब विपक्ष की झूठ की राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने सवाल किया कि विपक्ष स्पष्ट करे कि उन्होंने महिलाओं को उनके हक का आरक्षण लेने से क्यों रोका। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वाले विपक्ष ने असल में उनके उत्थान के लिए कभी कुछ नहीं किया। आज विपक्ष के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए शंकर धूपड़ ने कहा कि केंद्र सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का ऐतिहासिक कार्य किया है। आज प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व के कारण ही पूरे विश्व में भारत का सम्मान और गौरव बढ़ा है। सरकार की हर योजना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुँचाने के संकल्प के साथ लागू की जा रही है। शंकर धूपड़ ने जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के हर कोने का विकास सुनिश्चित कर रही है। आने वाले समय में यह विकास यात्रा और अधिक गति से जारी रहेगी और हरियाणा उन्नति के नए आयाम स्थापित करेगा।