हरियाणा में फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' टैक्स-फ्री, CM नायब सैनी ने की घोषणा

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा में फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को टैक्स फ्री किया। विशेष स्क्रीनिंग के दौरान कंगना रणौत भी रहीं मौजूद।
 
नायब सैनी घोषणा
चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा में फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके सामान्य दिखने वाले असाधारण नागरिक हैं और यही लोग देश के असली भाग्य विधाता हैं। विकसित भारत के निर्माण में आम नागरिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ में फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रणौत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की असली ताकत केवल सरकार या सेना नहीं, बल्कि डॉक्टरों, नर्सों, पुलिसकर्मियों, सुरक्षा बलों और समाजसेवियों जैसी सेवा भावना से जुड़े लोगों में निहित है। उन्होंने 26/11 मुम्बई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि यह साहस, कर्तव्य और मानवता की प्रेरक कहानी है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इस दौरान जनसेवा से जुड़े डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, अग्निशमन कर्मियों और अन्य कर्मयोगियों को सम्मानित भी किया गया।

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय नारी केवल परिवार की धुरी नहीं बल्कि संकट के समय समाज की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' जैसी योजनाओं से महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और हरियाणा ने भी इस दिशा में उल्लेखनीय बदलाव देखा है। राष्ट्रीय सुरक्षा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 26/11 का दर्द पूरे देश का दर्द था लेकिन भारत ने आतंकवाद के सामने कभी घुटने नहीं टेके। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है और ऑप्रेशन सिंदूर इसका ताजा उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज का दर्पण और मार्गदर्शक भी है।