हरियाणा कांग्रेस ने मृत महिला नेता को प्रदेश सचिव बनाया
हरियाणा में कांग्रेस ने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति से पहले युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। सोमवार देर रात को कांग्रेस ने सूची जारी की। सूची के अनुसार गुरुग्राम से पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के बेटे निशित कटारिया को हरियाणा यूथ कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है।
हालांकि उनकी नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें हिमानी नरवाल को जनरल सेक्रेटरी बनाया गया है, जबकि हिमानी की रोहतक में इस साल मार्च महीने में हत्या कर दी गई थी।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि हिमानी हरियाणा कांग्रेस की एक सक्रिय कार्यकर्ता थीं। उन्होंने 3 महीने पहले चुनाव प्रक्रिया के दौरान जनरल सेक्रेटरी पद के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था।
युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष बने निशित कटारिया को 29893 वोट मिले हैं, जबकि सोमिल संधू को 12949 वोट मिले हैं। निशित भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट से हैं। हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में उन्होंने वार्ड नंबर 36 से पार्षद का चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने हिमानी नरवाल पर कहा कि कांग्रेस ने हिमानी को सम्मान दिया है। क्योंकि उनकी मौत चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुई है। सारी प्रक्रिया ऑनलाइन हुई है। वह हमारी पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता थी। उन्होंने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था। इससे पता चलता है कि कांग्रेस द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन प्रक्रिया से यह चुनाव करवाया गया है।
हिसार के नवदीप दलाल को कांग्रेस ने वाइस प्रेसिडेंट बनाया है। नवदीप दलाल हिसार की गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स रह चुके हैं। वह NSUI से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वह पत्रकारिता और गणित विषय में एमएससी तक पढ़ाई कर चुके हैं।
गुरुग्राम में अर्बन का अध्यक्ष अभिषेक यादव को बनाया गया है। वह दीपेंद्र हुड्डा के नजदीकी हैं। अभिषेक यादव ने कहा कि हिमानी नरवाल कांग्रेस की निष्ठावान कार्यकर्ता थीं। लिस्ट में नाम होना उनका सम्मान है। हम इसका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा में कांग्रेस को आगे ले जाने के लिए युवा टीम तैयार हो गई है। हरियाणा में आने वाला समय कांग्रेस का होगा।

