हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय: भारी बारिश का अलर्ट और किसानों के लिए एडवाइजरी
हरियाणा में मानसून फिर रफ्तार पकड़ रहा है। मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानिए किसानों के लिए मौसम विभाग की जरूरी एडवाइजरी।
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि यमुनानगर के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. सुबह से पानीपत में तेज बारिश दर्ज की गई, झज्जर में बूंदाबांदी हुई और हिसार व सोनीपत में बादल छाए रहे. मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जुलाई से प्रदेश में बारिश का सबसे प्रभावी दौर शुरू होगा.
लो-प्रेशर और ट्रफ सिस्टम बना वजह: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसूनी टर्फ फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है. दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर सक्रिय लो-प्रेशर एरिया से जम्मू तक ट्रफ बनने के कारण हरियाणा में लगातार नमी पहुंच रही है. इसी सिस्टम के प्रभाव से 28 से 30 जुलाई के बीच उत्तर, पूर्व और दक्षिण हरियाणा के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. 26 जुलाई को बारिश में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन इसके बाद मौसम फिर जोर पकड़ेगा.
किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी: कृषि मौसम केंद्र ने किसानों को मौसम को देखते हुए खेती-बाड़ी के कार्य करने की सलाह दी है. कपास की फसल वाले खेतों से अतिरिक्त पानी तुरंत निकालने और जलभराव से बचने की अपील की गई है. धान की रोपाई जारी रखने की सलाह दी गई है, लेकिन गहरी रोपाई से बचने को कहा गया है. सब्जियों और बागवानी फसलों में अगले तीन दिनों तक सिंचाई टालने की सलाह दी गई है. अधिक नमी के कारण चूसक कीट बढ़ने की आशंका जताई गई है, इसलिए नियमित निगरानी करने को कहा गया है. पशुपालकों को भी पशुओं के लिए स्वच्छ पानी, हरा चारा और हवादार स्थान सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है.
तापमान में हल्की गिरावट दर्ज: बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई. राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबाला में 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हिसार में 32.8, करनाल में 33.2, रोहतक में 32.2 और गुरुग्राम में 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहा और सबसे कम तापमान नारनौल में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार बादल और नमी के कारण रात के समय उमस बनी रह सकती है, जबकि अगले सप्ताह बारिश का असर तापमान में और गिरावट ला सकता है.

